MP News: राम मंदिर निर्माण के लिए दिग्विजय सिंह भी आए आगे, दिया 1,11,111 रुपये का चंदा

भोपाल. दशकों पुराने बाबरी मस्जिद-राम जन्‍मभूमि विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद अयोध्‍या में राम मंदिर (Ayodhya Ram Mandir) बनने का रास्‍ता साफ हो गया था. फैसले के बाद बकायदा राम मंदिर का मॉडल भी बन चुका है और काम भी शुरू हो चुका है. इस बीच, मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह का काम भी चल रहा है. देश के विभिन्‍न हिस्‍सों में लोग राम मंदिर निर्माण के लिए दान दे रहे हैं. खबर है कि भगवान राम का भव्‍य मंदिर बनाने में मध्‍य प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री और कांग्रेस के दिग्‍गज नेता दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने भी योगदान किया है. उन्‍होंने 1 लाख 11 हजार 111 रुपये का चंदा दिया है.

दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के जरिये राम जन्‍मभूमि तीर्थ ट्रस्‍ट को चेक भेजा है. उन्‍होंने पीएम मोदी को पत्र भी लिखा है. उन्‍होंने राम मंदिर निर्माण के लिए देश में लोगों से चंदा जुटाने का काम सौहार्द्रपूर्ण तरीके से करने की अपील की है. इसके साथ ही कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने विश्व हिंदू परिषद के पुराने चंदे का लेखा-जोखा जनता के सामने रखने की भी मांग की है.

आपको बता दें कि इससे पहले राम मंदिर निर्माण के लिए दो दिनों में 100 करोड़ रुपए दान मिलने की खबर आई. श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने मीडिया को दी गई जानकारी में कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी मिली है कि इतनी बड़ी राशि दो दिनों में इकट्ठा कर ली गई है. इस राशि में सबसे बड़ा योगदान उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के पूर्व विधायक सुरेंद्र बहादुर सिंह का रहा है. उन्होंने VHP के उपाध्यक्ष एवं श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव चंपत राय को 1,11,11,111 रुपए का चेक दिया. आपको बता दें कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए चले आंदोलन में विश्व हिंदू परिषद सबसे आगे रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here