नारायण त्रिपाठी की पार्टी 30 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, भाजपा-कांग्रेस, किसे होगा नुकसान?

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से ऐन पहले सत्ताधारी पार्टी के एक विधायक ने नई पार्टी बनाने का ऐलान किया है। उनकी पार्टी का पंजीयन 15 अप्रैल तक पूरा होने वाला है। भाजपा से बगावत करने वाले विधायक का नाम नारायण त्रिपाठी है और वह सतना जिले की मैहर विधानसभा से विधायक हैं। अलग विंध्य प्रदेश की मांग करने वाले नारायण त्रिपाठी ने नई पार्टी की घोषणा करते हुए कहा कि अब उनकी पार्टी विंध्य में अलग तरह से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने पार्टी के लिए रजिस्ट्रेशन कर दिया है, जो कि 15 अप्रैल तक हो जाएगी। नारायण त्रिपाठी ने कहा कि विंध्य के लोग तैयार हो जाएं, मन बना लें और पूरी तैयारी कर ले। अब विंध्य प्रदेश अपने दल से चुनाव लड़ेगा।

भाजपा से हो रहे बागी

आपको बता दें कि नारायण त्रिपाठी भाजपा में आने से पहले मैहर विधानसभा सीट कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के टिकट से भी चुनाव लड़ चुके हैं। चार बार के विधायक त्रिपाठी विंध्य क्षेत्र के काफी मजबूत नेता माने जाते हैं। 2014 लोकसभा चुनाव के समय वे कांग्रेस में थे। लेकिन नारायण त्रिपाठी ने 2016 के उपचुनाव में भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2018 में वे दोबारा भाजपा से जीतकर विधानसभा पहुंचे।

दिया नया नारा

अब नारायण त्रिपाठी की नजर विंध्य क्षेत्र की 30 विधानसभा सीटों पर हैं। वह अलग विंध्य प्रदेश के मुद्दे को उठाकर यहां की अधिकांश सीटें जीतने का मन बना रहे हैं। उन्होंने मैहर में आयोजित विंध्य प्रीमीयर लीग सीजन 2 के समापन के अवसर पर सार्वजनिक रूप से ऐलान किया है कि शहडोल, रीवा संभाग की 30 विधानसभा सीटों पर वे अपनी पार्टी से प्रत्याशी उतारेंगे। उन्होंने नया नारा दिया है कि ’तुम मुझे 30 दो, मैं तुम्हें 2024 में विंध्य प्रदेश दूंगा’।

क्या बोले विधायक

नारायण त्रिपाठी ने कहा कि 15 अप्रैल तक नई पार्टी ’विंध्य जनता पार्टी’ का रजिस्ट्रेशन पूरा हो जाएगा। इसके बाद विंध्य जनता पार्टी के प्रत्याशी भाजपा और कांग्रेस से मुकाबला के लिए मैदान में होंगे। इसके साथ ही नारायण त्रिपाठी ने कहा है कि हम अपना अलग विंध्य प्रदेश लेकर ही रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here