ब्रातिस्लावा: स्लोवाकिया की आधी आबादी का कोरोना टेस्ट एक ही दिन में कर लिया गया. इसके लिए पूरे देश में खास अभियान चलाया गया था. इस दौरान 2.58 मीलियन लोगों की टेस्टिंग की गई, जिसकी एक फीसदी आबादी 25,850 लोग कोरोना संक्रमित निकले.
लॉकडाउन लगाने का फैसला ले सकती है स्लोवाक सरकार
स्लोवाकिया में तेजी से बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सरकार लॉकडाउन लगाने का फैसला ले सकती है, ताकि कोरोना महामारी के संक्रमण पर लगाम लगाई जा सके. स्लोवाकियन सरकार के इस कदम पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी हुई हैं, खासकर छोटे देशों की. क्योंकि स्लोवाकिया ने जिस तरह से कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ी है, उसकी विशेषज्ञ भी तारीफ कर रहे हैं. स्लोवाकिया के रक्षामंत्री जरोस्लाव नाड ने कहा कि रविवार को 2.58 मिलियन लोगों की कोरोना टेस्टिंग की गई, जिसमें से एक फीसदी यानि 25,850 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले. इन लोगों को क्वारंटीन किया गया है.
आबादी के लिहाज से टेस्टिंग रेट सबसे बेहतर
स्लोवाकिया एक यूरोपीय देश है और इसकी कुल आबादी 5.5 मिलियन यानी 55 लाख है. जिसमें से आधी आबादी की टेस्टिंग सिर्फ दो दिनों के अभियान में ही हो गई. स्लोवाकिया की सरकार का लक्ष्य है कि वो 10 साल से अधिक की पूरी आबादी की कोरोना टेस्टिंग करे.
टेस्टिंग से बचने पर कड़े प्रतिबंध
सरकार मे पुलिस, सेना, स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े 40,000 से अधिक लोगों की टीम को इस काम में लगाया. यही नहीं, 5000 जगहों पर एंटीजेन टेस्ट किए गए. यूं तो ये टेस्टिंग स्वैच्छिक थी, लेकिन सरकार ने कहा है कि जिन लोगों ने टेस्टिंग में हिस्सा नहीं लिया है, सरकार उनपर कड़े प्रतिबंध लगाएगी. उन्हें अपने काम पर भी जाने से रोका जा सकता है.
अगले सप्ताह बाकी की आधी आबादी की टेस्टिंग
स्लोवाकिया की सरकार अगले सप्ताहांत बाकी की आधी आबादी की टेस्टिंग की प्रक्रिया में जुट गई है. इसके बाद सरकार लॉकडाउन को लेकर फैसला लेगी. इस बीच स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री इगोर मतोविक ने कहा कि सबको टेस्टिंग की प्रक्रिया से गुजारने के लिए वो माफी मांगते हैं. अबतक स्लोवाकिया में कुल 59,946 मामले सामने आ चुके हैं. वहीं, 219 लोगों की जान जा चुकी है.

