बाबा रामदेव की दवा कोरोनिल पर राजस्थान सरकार के बाद महाराष्ट्र सरकार ने भी प्रतिबंध लगा दिया है. आपातकाल के ऐलान की 45वीं बरसी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधा है. अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने कहा है कि इस वित्त वर्ष यानी 2020-21 में कोरोना संकट की वजह से भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 4.5 फीसदी की गिरावट आ सकती है. पढ़ें गुरुवार सुबह की 5 बड़ी खबरें.
1. पतंजलि की कोरोनिल पर महाराष्ट्र सरकार ने भी लगाई पाबंदी, राजस्थान में पहले से बैन
बाबा रामदेव की दवा कोरोनिल पर राजस्थान सरकार के बाद महाराष्ट्र सरकार ने भी प्रतिबंध लगा दिया है. महाराष्ट्र सरकार के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि कोरोनिल के क्लीनिकल ट्रायल के बारे में अभी कोई पुख्ता जानकारी नहीं है, ऐसे में महाराष्ट्र में इस दवा की बिक्री पर पाबंदी रहेगी.
महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने गुरुवार को लिखा, ‘नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, जयपुर यह पता लगाएगा कि क्या पतंजलि के ‘कोरोनिल’ का क्लीनिकल ट्रायल किया गया था. हम बाबा रामदेव को चेतावनी देते हैं कि हमारी सरकार महाराष्ट्र में नकली दवाओं की बिक्री की अनुमति नहीं देगी.’
2. आपातकाल का बरसी पर बोले अमित शाह- कांग्रेस में अभी भी लोकतंत्र नहीं, पार्टी खुद से पूछे सवाल
आपातकाल के ऐलान की 45वीं बरसी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधा है. आपातकाल के लिए कांग्रेस को कोसते हुए अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस में लोकतंत्र बहाल नहीं हो पाया है. वहां नेता घुटन महसूस कर रहे हैं. अमित शाह ने कांग्रेस को आत्मचिंतन की नसीहत दी है.
आपातकाल को याद करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा, ’45 साल पहले इस दिन सत्ता की लालच में एक परिवार ने देश में आपातकाल लागू कर दिया. रातों रात राष्ट्र को जेल में बदल दिया गया. प्रेस, अदालतें, मुक्त भाषण … सब खत्म हो गए. गरीबों और दलितों पर अत्याचार किए गए.’
3. चीन की नई साजिश: लद्दाख में एक और इलाके में खोला मोर्चा, साइबर अटैक की भी कोशिश
भारत और चीन के बीच तनाव की स्थिति लगातार बरकरार है. गलवान घाटी में हुई झड़प के बाद रिश्ते काफी तनावपूर्ण हो चुके हैं, बॉर्डर पर सेना की उपस्थिति भी बढ़ गई है. इस बीच चीन है कि लगातार दगाबाजी कर रहा है और हर रोज़ एक नई चाल के साथ सामने आ रहा है. चीन के साथ पहले ही पैंगोंग लेक के पास विवाद चल रहा है, इस बीच चीन ने ईस्टर्न लद्दाख में ही एक और मोर्चा खोला है.
4. कोरोना संकट की वजह से भारतीय अर्थव्यवस्था में इस साल आएगी 4.5 फीसदी की गिरावट-IMF
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने कहा है कि इस वित्त वर्ष यानी 2020-21 में कोरोना संकट की वजह से भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 4.5 फीसदी की गिरावट आ सकती है.
IMF का कहना है कि पहली छमाही में कोरोना वायरस का अर्थव्यवस्था पर असर उम्मीद से कही ज्यादा गंभीर है. आईएमएफ ने वर्ष 2020 में ग्लोबल ग्रोथ रेट में 4.9 प्रतिशत की गिरावट का अनुमान जताया है. IMF ने कहा कि अगले वित्त वर्ष में वैश्विक अर्थव्यवस्था में 5.4 फीसदी की बढ़त हो सकती है. यह उसके पहले के अनुमान के मुकाबले 0.4 फीसदी ज्यादा है.
5. Monsoon Updates:दिल्ली, उत्तराखंड, कश्मीर, लद्दाख में मॉनसून ने दी दस्तक, कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट
दिल्ली, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बुधवार को मॉनसून ने दस्तक दे दी, जिसकी वजह से वहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई. हालांकि, दिल्ली मॉनसून के पहुंचने की आधिकारिक घोषणा आज की जाएगी. मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को दिल्ली-NCR के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है.