इंदौर शहर में आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और किसी भी संभावित आतंकी हमले से निपटने की तैयारियों को लेकर एनएसजी कमांडो और इंदौर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में इंदौर पुलिस के एडिशनल पुलिस कमिश्नर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, एनएसजी की ओर से कर्नल अभिषेक सिंह सहित चुनिंदा कमांडो और अधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
त्योहारों के दौरान बाजारों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और संभावित खतरों से निपटने की रणनीति तैयार करने पर चर्चा की गई। बैठक में एनएसजी अधिकारियों ने शहर की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। किसी भी आतंकी हमले या अन्य गंभीर सुरक्षा चुनौती की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, कमांडो की तैनाती और पुलिस के साथ समन्वय जैसे विषयों को लेकर योजना तैयार की गई।
इसी योजना के तहत आने वाले दिनों में इंदौर शहर में एनएसजी अधिकारियों और कमांडो द्वारा मॉक ड्रिल का अभ्यास किया जाएगा। इस अभ्यास के जरिए आपात परिस्थितियों में सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों को परखा जाएगा और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई की प्रक्रिया को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा। एनएसजी और इंदौर पुलिस के बीच हुई इस बैठक को त्योहारों से पहले सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इसका उद्देश्य किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटना और शहर में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना है, ताकि नागरिक बिना किसी भय के त्योहार मना सकें।
बाइट – आरके सिंह , एडिशनल पुलिस कमिश्नर , इंदौर


