पहाड़गढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (अस्पताल) पहाड़गढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं की लचर व्यवस्था एक बार फिर सामने आई है। अस्पताल की ओपीडी में समय पर डॉक्टरों के न बैठने और स्टाफ की कमी के कारण गंभीर दर्द से जूझ रहे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।क्या है पूरा मामला?जानकारी के अनुसार, मुकेश गोस्वामी अपनी पत्नी मंजू गोस्वामी को तेज पेट दर्द की शिकायत होने पर इलाज के लिए पहाड़गढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल पहुंचने पर ओपीडी में न तो कोई डॉक्टर मौजूद था और न ही कोई नर्स या अन्य स्टाफ दिखाई दिया। काफी देर तक मरीज दर्द से तड़पता रहा और परिजन इधर-उधर भटकते रहे।शिकायत करने पर भड़के डॉक्टरअस्पताल में अव्यवस्था देख परिजनों ने इस संबंध में डॉ. अनुभा माहेश्वरी को फोन पर सूचना दी, जिस पर उन्होंने “मैं देखती हूं” कहकर मामला टाल दिया। फोन कॉल के कुछ देर बाद डॉ. प्रदीप प्रजापति अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि इलाज करने के बजाय उन्होंने मरीज के बेटे पर भड़कते हुए कहा कि “कौन होशियार बन रहा था, मैं तो यहीं था।”इलाज से इनकार और एंबुलेंस की लेटलतीफीगुस्से में डॉक्टर ने पथरी के दर्द का इलाज अस्पताल में संभव न होने की बात कहते हुए मरीज को रेफर करने को कहा। इस पर मरीज के पति मुकेश गोस्वामी ने व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए रेफर करने की सहमति दे दी। लेकिन अस्पताल की बदहाली यहीं नहीं रुकी—रेफर किए जाने के बाद काफी देर इंतजार करने पर भी समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी।निजी वाहन से ले जाना पड़ा कैलारसपत्नी की बिगड़ती हालत देख मजबूरन मुकेश गोस्वामी को निजी वाहन (पर्सनल गाड़ी) का इंतजाम कर उन्हें कैलारस अस्पताल ले जाना पड़ा। पीड़ित मुकेश गोस्वामी ने बताया कि कैलारस अस्पताल में 24 घंटे डॉक्टर और स्टाफ मौजूद रहते हैं, जबकि पहाड़गढ़ अस्पताल में न तो डॉक्टर समय पर बैठते हैं और न ही आपातकालीन स्थिति के लिए कोई पुख्ता इंतजाम हैं।


