इस्लामाबाद: कोरोना (Coronavirus) से जंग में पाकिस्तान का प्रदर्शन बेहद लचर रहा है और बजाय अपने प्रदर्शन को सुधारने के पाकिस्तानी नेता बदजुबानी से बाज नहीं आ रहे हैं. विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी (Shah Mehmood Qureshi) द्वारा एक पत्रकार से केवल इसलिए बदसुलूकी की गई, क्योंकि उसने सोशल डिस्टेंसिंग पर सवाल पूछ लिया था. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और उतनी ही तेजी से कुरैशी की आलोचना भी शुरू हो गई है.
दरअसल, विदेश मंत्री प्रेस से मुखातिब हो रहे थे, तभी एक पत्रकार ने उनसे पूछ लिया कि वे सोशल डिस्टेंसिंग के दिशानिर्देशों का पालन क्यों नहीं कर रहे? इतना सुनते ही मंत्री महोदय का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. उन्होंने गुस्से के साथ पत्रकार से पूछा, ‘क्या आप सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं’? कुरैशी इतने पर ही नहीं रुके. उन्होंने आगे कहा, ‘क्या मैंने आपको आमंत्रित किया था? यह नकारात्मक सोच है, मैं यहां सेवा प्रदान करने आया हूं और आप अपना काम कर रहे हैं. लिहाजा आप अपना काम करें और मुझे अपना काम करने दें’.
At a presser reporter asks foreign minister why he’s not following physical distancing. Qureshi gets angry, tells the reporter: You shouldn’t have come, did I invite you? pic.twitter.com/ZJWv6Mtmrp
— Naila Inayat नायला इनायत (@nailainayat) May 3, 2020
विदेश मंत्री के इस गुस्से का वीडियो पाकिस्तानी पत्रकार नाइला इनायत (Naila Inayat) ने ट्विटर पर शेयर किया है. वैसे, यह पहली बार नहीं है कि कुरैशी ने इस तरह किसी के साथ बदसुलूकी की है. पिछले महीने मुल्तान के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) ने कुरैशी पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी. जानकारी के मुताबिक, शाह महमूद कुरैशी स्टेशन ऑफिसर को जनता के प्रति रवैया बदलने की सीख दे रहे थे, लेकिन इस दौरान वह कुछ ज्यादा ही कह गए. उन्होंने SHO को चेतावनी देते हुए कहा था कि ‘काम करना है, तो करो वरना गर्दन पकड़कर बाहर निकल दूंगा’.
तेज हुई संक्रमण की रफ्तार
इस बीच, पाकिस्तान में कोरोना की रफ्तार और तेज हो गई है. 1,083 नए मामले सामने आने के बाद यहां संक्रमितों की संख्या 20,000 के पार निकल गई है. पिछले 24 घंटों में, 1,083 नए मामले सामने आए, जिसके बाद आंकड़ा बढ़कर 20,186 हो गया. इस दौरान 22 मौतें भी हुईं. पाकिस्तान में अब तक कोरोना के चलते कुल 462 लोगों की जान गई है जबकि 5,590 मरीज ठीक हुए हैं.

