इस्लामाबाद: पाकिस्तान (Pakistan) ने मंगलवार को अनैतिक और अश्लील कंटेंट दिखाए जाने के आरोप में टिंडर (Tinder) सहित कई अन्य डेटिंग ऐप को बैन कर दिया है. यह कार्रवाई सरकार द्वारा यूट्यूब (YouTube) पर प्रतिबंध लगाने की चेतावनी के कुछ दिन बाद की गई है. पाकिस्तान दूरसंचार प्राधिकरण (PTA) ने एक बयान में कहा कि अनुचित कंटेट को हटाने में विफल रहने के बाद टिंडर, टैग्ड, स्काउट, ग्रांइडर और से हाय के खिलाफ कार्रवाई की गई है. सभी को पाकिस्तानी कानूनों के अनुसार अश्लील कंटेंट हटाने के लिए कहा गया था, लेकिन उनकी तरफ से कोई कदम नहीं उठाया गया. जिसके बाद उन्हें बैन किया गया है.
कार्रवाई मोरल पुलिसिंग
डिजिटल राइट्स ग्रुप ‘बाइट्स फॉर ऑल’ के निदेशक शहजाद अहमद ने PTA की कार्रवाई को “मोरल पुलिसिंग” करार दिया है. अहमद ने न्यूज एजेंसी AFP से कहा कि सरकार यह तय नहीं कर सकती कि एक वयस्क व्यक्ति किस ऐप का इस्तेमाल करेगा और किसका नहीं. उन्होंने बैन को पूरी तरह गलत करार दिया.
कंटेंट हटाएं तो विचार
टिंडर ने पाकिस्तानी कार्रवाई पर कोई टिप्पणी नहीं की है. PTA का कहना है कि यदि कंपनियां देश के कानूनों का पालन करती हैं और अश्लील कंटेट को हटा लेती हैं, तो बैन हटाने पर विचार किया जा सकता है. पिछले हफ्ते दूरसंचार प्राधिकरण ने यूट्यूब को भी कुछ आपत्तिजनक वीडियो तुरंत हटाने को कहा था. साथ ही चेतावनी भी दी थी कि ऐसा नहीं करने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. सरकारी कार्रवाई को सेंसरशिप और सोशल मीडिया पर नियंत्रण के प्रयासों के रूप में देखा जा रहा है. मालूम हो कि जुलाई में चीनी स्वामित्व वाले सोशल मीडिया ऐप TikTok को भी अंतिम चेतावनी जारी करते हुए अश्लील सामग्री तुरंत हटाने का आदेश दिया गया था.
LIVE टीवी:

