इस्लामाबाद: पाकिस्तान (Pakistan) में जारी राजनीतिक उठापटक के बीच कराची पुलिस (Karachi Police) की मुहिम सुर्खियों में है. दरअसल कराची का पुलिस अमला बदमाशों को पकड़ने के लिए रोलर ब्लेड्स (Rollerblades) का इस्तेमाल कर रहा है. पुलिस का ये नया अंदाज देख लोग जहां हैरान हो रहे हैं वहीं उनकी तारीफ भी कर रहे हैं.
अपराधियों को दौड़ा दौड़ा कर पकड़ेगी पुलिस
शहर में चोरी और उत्पीड़न के बढ़े मामलों पर काबू करने के लिए यहां नई सशस्त्र रोलरब्लेडिंग यूनिट तैनात की गई है. बेहद कड़ी ट्रेनिंग के बाद इस यूनिट में सिर्फ 20 लोगों को जगह मिली है जिसमें 10 पुरुष और 10 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं. नई यूनिट जब शहर की गलियों में गन के साथ ग्लाइडिंग करते दिखी तो वहां पर मौजूद लोग दंग रह गए.
ये भी पढ़ें- Paris में Pakistan के सताए पत्रकार और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, FATF की ब्लैकलिस्ट में डालने के मांग
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक पुलिस की नई यूनिट के चीफ फारुक अली ने कहा, ‘ हमें लगा कि सड़क पर बढ़ रहे अपराध को नियंत्रित करने के लिए हमें कुछ अलग हटकर कोशिश करनी चाहिए.’ उन्होंने ये भी बताया कि कैसे अब नए अवतार वाली पुलिस अब बड़ी आसानी से बाइक सवार चोरों को भी पकड़ सकती है.
यूनिट मेंबर ने गिनाए फायदे
यूनिट में शामिल अधिकारी, अनीला असलम ने कहा, ‘ रोलरब्लेडिंग से हमें कई फायदे होंगे. इसके प्रशिक्षण से हम उन संकरी गलियों में भी आसानी से पहुंच सकते हैं, जहां पर बड़ी गाड़ियों में जाना मुश्किल होता है.’ वहीं पुलिस की यूनिट के चीफ फारुख को एक मलाल भी है. उन्होंने कहा कि ये टीम पूरे शहर में इसलिए तैनात नहीं हो सकती क्योंकि रोलरब्लेडिंग के लिए अच्छी रोड की जरूरत होती है. हालांकि फारुख ने कहा कि नई टीम उन सभी पब्लिक प्लेस पर जरूर तैनात होगी जहां चोरी और उत्पीड़न के मामले सबसे ज्यादा सामने आते हैं.
अगले महीने से रूटीन तैनाती
यूनिट चीफ फारुक ने कहा कि इस टीम के पास निर्धारित लोकेशन पर सिर्फ हैंडगन होगी. वहीं शॉपिंग मॉल समेत कई प्वाइंट्स में तैनात जवानों के पास हथियार नहीं होंगे. अधिकारियों को उम्मीद है कि अगले महीने से उनकी ये यूनिट अधिकारिक रूप से ड्यूटी ज्वाइन कर सकती है. गौरतलब है कि नई टीम को हाल ही में पाकिस्तान सुपर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट (Pakistan Super League cricket tournament) टूर्नामेंट के आयोजन स्थल के बाहर तैनात किया गया था. वहीं तटीय शहर के कुछ चुनिंदा बीच पर भी ये यूनिट पेट्रोलिंग कर रही है.
LIVE TV

