पन्ना जिले की अमानगंज पुलिस ने बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की हिन्दू सनातन रथ यात्रा के दौरान चोरी और चैन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय बावरिया गैंग के 10 सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में की गई इस कार्यवाही में आरोपियों के कब्जे से 11 लाख के सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, मोबाइल और घटना में प्रयुक्त 3 लग्जरी कारों सहित कुल 42 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।क्या है पूरा मामला -दिनांक 12 अक्टूबर को फरियादी ने थाना अमानगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बागेश्वर धाम की रथ यात्रा पन्ना से रवाना होकर अमानगंज आ रही थी। रथ यात्रा में शामिल होने के लिए अमानगंज और आसपास के क्षेत्र से हजारों श्रद्धालु पहुंचे थे। दोपहर 3.15 बजे रथ यात्रा अमानगंज स्टेडियम ग्राउंड पहुंची, वहां कार्यक्रम के बाद 3.30 बजे यात्रा पवई की ओर रवाना हुई। जैसे ही यात्रा विधायक बंगले से होते हुए ढाबे के सामने पहुंची, भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपियों ने झपट्टा मारकर फरियादी की जेब से नगदी चोरी कर ली। इसी दौरान अमित सोनी, जयप्रकाश चतुर्वेदी, संतोष सोनी की सोने की चैन और एक महिला का मंगलसूत्र भी चोरी होने की जानकारी सामने आई। रिपोर्ट पर थाना अमानगंज में धारा 304(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।पुलिस की कार्यवाही थाना प्रभारी अमानगंज निरीक्षक हेमंत नायक ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री वंदना चौहान और एसडीओपी गुनौर श्री नवीद दुबे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की, जिसमें साइबर सेल पन्ना को भी शामिल किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। रूट मैपिंग के आधार पर टीमों को राज्य के बाहर रवाना किया गया और 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपी -पुलिस ने 5 महिलाओं और 5 पुरुषों को गिरफ्तार किया है, जो राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इनमें सुनीता बावरिया (सीकर), पुष्पा तोमर (अलवर), सुनील बबली (भरतपुर), नीरज श्रीवास्तव (फिरोजाबाद), आरती खटीक (कोटपुतली), जोनी बावरिया (भिवानी), पपीता बाई राजपूत (कोटपुतली), मोनू सिंह (फरीदाबाद), लीला राम यादव (कोटपुतली) और उर्मिला बावरिया (फरीदाबाद) शामिल हैं। आरोपियों से 7 सोने की चैन, 1 पायल, 1 मंगलसूत्र, 2 लॉकेट, 5 चांदी की चूड़ी, 1 कड़ा, 29,780 रुपये नगद, 4 मोबाइल और 3 कारें – ब्रेजा RJ CV 2872, स्विफ्ट DL 12 CH 2120 और बिना नंबर की विक्टोरियस कार जब्त की गई। आरोपी सोशल मीडिया से भीड़भाड़ वाले धार्मिक आयोजनों, मेलों की जानकारी जुटाकर गिरोह के रूप में वहां पहुंचते और भीड़ में घुल-मिलकर योजनाबद्ध तरीके से चोरी करते थे। इस संपूर्ण कार्यवाही में थाना अमानगंज स्टाफ और साइबर सेल टीम का सराहनीय योगदान रहा।


