मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले के पोलायकला में एक पेट्रोल पंप संचालक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सुंदरसी रोड स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के संचालक धर्मेंद्र बामनिया (35) ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।घटना रविवार की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र बामनिया पिता गंगाराम बामनिया, निवासी खड़ी, पेट्रोल पंप के पास बने अपने कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे फंदे पर लटके मिले। सुबह जब कर्मचारी सत्यनारायण मालवीय निवासी टांडा ने उन्हें आवाज दी और कोई जवाब नहीं मिला, तो वे मौके पर पहुंचे। कमरे के अंदर जाकर देखा तो धर्मेंद्र का शव फंदे से लटका हुआ था।घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही रामेश्वर पटेल (चौकी प्रभारी) और उमेद खान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को नीचे उतारा। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।मृतक के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज जांच की मांग करने लगे। परिजनों का कहना था कि जब तक सीसीटीवी फुटेज नहीं देखा जाएगा, तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। काफी समझाइश के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक कराया, जिसके बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोलायकला ले जाकर पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।


