पीएम मोदी ने लाड़ली बहनाओं का किया जिक्र, बोले- MP में जब भी बहनों को याद करो तो, मामा तो याद आ ही जाता है

Narendra Modi in Ratlam Today
Narendra Modi in Ratlam Today
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रतलाम में कमल नाथ और दिग्विजय सिंह पर कसा तंज
  • इनकी कपड़ा फाड़ लड़ाई बेटों के लिए है, कांग्रेस को अवसर देना यानि संकट को बुलाना : मोदी
  • देश में कोई ऐसा नहीं है, जिसे कांग्रेस ने ठगा नहीं : मोदी
  • कांग्रेस सिर्फ परिवारवाद का परचम लहरा सकती है, मध्य प्रदेश का परचम लहराना उनके बस की बात नहीं : मोदी
  • बड़ा फैसला…मोदी ने किया ऐलान- 80 करोड़ गरीबों को 5 साल और मिलेगा मुफ्त राशन

रतलाम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मध्य प्रदेश के रतलाम में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के दो बड़े नेताओं पर तंज कसा। उन्होंने कमल नाथ और दिग्विजय सिंह का नाम लिये बगैर कहा कि यहां कांग्रेस के दो नेताओं के बीच कपड़े फाड़ने का कम्पीटिशन चल रहा है। मोदी ने कहा— अभी तो यह फिल्म का ट्रेलर है। तीन दिसंबर को भाजपा की जीत के बाद यहां कांग्रेस की असली पिक्चर दिखेगी। कांग्रेस की असली सिर फुटव्वल होगी। अभी इसकी प्रैक्टिस चल रही है। यह दोनों कपड़ा फाड़ नेता तो अपने-अपने बेटों के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। लड़ाई इस बात की है कि किसका बेटा मध्य प्रदेश कांग्रेस पर कब्जा करेगा। आपको बता दें कि पिछले दिनों चर्चा चली थी कि टिकट वितरण में कमल नाथ अपनी मर्जी चला रहे हैं, जबकि दिग्विजय सिंह अपनी मनमानी कर रहे हैं। इसके बाद यह बात सामने आई थी कि कमल नाथ अपने बेटा नकुल नाथ को मध्य प्रदेश कांग्रेस में मजबूत करना चाह रहे हैं, जबकि दिग्विजय सिंह भी अपने बेटे जयवर्धन सिंह को कांग्रेस का प्रमुख नेता बनाना चाहते हैं।

कांग्रेस सिर्फ परिवारवाद का परचम लहरा सकती है

पीएम मोदी ने कहा कि यहां के कांग्रेस के शीर्ष नेता आपस में क्यों लड़ रहे हैं? यह लड़ाई सीएम की कुर्सी के लिए नहीं है। उन्हें पता है यहां उनकी दाल नहीं गलने वाली है। वह लोग तो अपने-अपने बेटों के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। लड़ाई इस बात की है कि किसका बेटा मध्य प्रदेश कांग्रेस पर कब्जा करेगा। कांग्रेस सिर्फ परिवारवाद का परचम लहरा सकती है। मध्य प्रदेश का परचम लहराना कांग्रेस के बस की बात नहीं है। मोदी ने कहा कि जबकि भाजपा का विजन अलग है। भाजपा ही आपको आगे लेकर जाएगी। आपका सपना पूरा करना ही मोदी का संकल्प है।

बीमार बनाने की गारंटी लेती है कांग्रेस

प्रधानमंत्री ने अपनी सभा में इसी मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। मोदी ने कहा कहा कि विकास का रोडमैप क्या होगा, यह कांग्रेस को पता नहीं है। कांग्रेस इतनी दूर की सोच ही नहीं सकती। कांग्रेस के नेता फिल्मी हैं। कांग्रेसियों के डायलॉग भी फिल्मी है। उसकी घोषणाएं भी फिल्मी हैं। किरदार फिल्मी है तो सीन भी फिल्मी ही होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दोनों कांग्रेसी नेता अपने-अपने चेलों को बताते हैं कि एक बार मौका मिल गया तो उसके बाद वो खुद के भी कपड़े फाड़ेंगे, आपके भी फाड़ेंगे। यह याद रखिए कि जहां भी इन्हें मौका मिला है, उन्होंने जनता के कपड़े फाड़ दिए। उन्हें अवसर देना बहुत बड़ा संकट होता है। राजस्थान और छत्तीसगढ़ का पांच राज्यों में क्या हाल कर दिया। कांग्रेस मतलब राज्य में हजारों करोड़ के घोटाले, अपराधियों का बोलबाला, गरीबों से विश्वासघात, दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों पर अत्याचार, राज्य को बीमार बनाने की गारंटी। यह उनके स्वभाव में है। उनके खून का हिस्सा है।

कर्जमाफी का फायदा कांग्रेस के चेला—चपाटियों को होता है

कांग्रेस द्वारा प्रदेश में कर्जमाफी के वादे पर पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में कोई ऐसा नहीं है, जिसे कांग्रेस ने ठगा नहीं है। कांग्रेस हर चुनाव में कर्जमाफी का झुनझुना लेकर आती है। कांग्रेस की कर्जमाफी का फायदा किसानों को नहीं, कांग्रेसियों के चेले-चपाटियों को होता है। भाजपा सरकार जो कहती है, वह करती है। हम किसानों के छोटे-बड़े खर्चों की चिंता कर रहे हैं। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत देशभर के किसानों को पैसा दे रहे हैं।

3 दिसंबर को लड्डू के साथ रतलामी सेव भी खाएंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि रतलाम आए और रतलामी सेव नहीं खाई तो उसे रतलाम आया, माना नहीं जाता है। सही बात है न? यही सच्चाई है। जब तीन दिसंबर को भाजपा सरकार की वापसी का जश्न मनेगा, तब लड्डू के साथ रतलामी सेव भी खूब खाई जाएगी। एक जिला एक उत्पाद के तहत यहां सेव को चुना गया है। नमकीन क्लस्टर बनाया गया है। आपको बता दें कि रतलामी सेव पूरे देश में प्रसिद्ध है।

कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व पर भी साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व का जिक्र करते हुए तंज कसा। मोदी ने कहा कि दिल्ली में सर्वे कर जीत-हार की भविष्यवाणी करने वालों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग दिल्ली में बैठकर गुणा-भाग करते रहते हैं, आज उनका हिसाब-किताब बदल जाएगा। अब चर्चा यह नहीं होगी कि कौन जीतेगा? चर्चा यह होगी भाजपा दो-तिहाई बहुमत लेगी या उससे कम रहेगी।

गरीबों को 5 साल और मिलेगा मुफ्त राशन

पीएम मोदी ने कहा कि 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन देने वाली योजना दिसंबर में खत्म हो रही है। लेकिन मेरा निश्चय है कि आने वाले पांच साल के लिए इसे बढ़ाया जाएगा। 80 करोड़ देशवासियों का चूल्हा जलता रहे, यह मोदी की गारंटी है। गरीबों को मुफ्त राशन मिलता रहेगा। मोदी ने कहा कि जो पैसे बचेंगे, गरीब जीवन की अन्य आवश्यकताओं पर खर्च कर सकेगा। मोदी जब गारंटी देता है तो उसे पूरी करने की गारंटी भी साथ देता है।

मामा के राज में लखपति बनीं महिलाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिवराज सिंह चौहान के बारे में कहा कि ‘एमपी के मन में मोदी है और मोदी के मन में एमपी है।’ बहनों की बात होती है तो मामा (शिवराज) याद आ ही जाता है। मध्य प्रदेश में हजारों महिलाएं लखपति बनी हैं। उनके नाम पर पहली बार कोई संपत्ति हुई है। शहरों में रहने वाले मध्यम वर्ग के लोगों का अपने घऱ का सपना पूरा हो, इसके लिए गंभीरता से सरकार काम कर रही है। मोदी पहला प्रधानमंत्री है, जिसने शहरी मध्यम वर्ग के लिए घरों की योजना बनाई है। 

कांग्रेस मतलब…

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में कुछ चीजों की गारंटी होती है। कांग्रेस यानि राज्य में हजारों करोड़ के घोटाले, राज्य में अपराधियों का बोलबाला, राज्य में गरीबों से विश्वासघात, राज्य में दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों पर अत्याचार, राज्य को बीमार बनाने की गारंटी।

शत प्रतिशत कमल खिलाने का आग्रह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसंपर्क अभियान भी शुरू किया। उन्होंने सभा में आए लोगों से आग्रह किया कि सरकार तो बन ही जाएगी। शत-प्रतिशत बूथों पर कमल खिलना चाहिए। मोदी ने कहा कि मेरा एक काम और करना होगा। यह चुनावी काम नहीं है। यह काम मेरे लिए करने को कह रहा हूं। यहां से घर-घर जाइए। घर जाकर कहिए कि मोदी जी रतलाम आए थे। उन्होंने आपको प्रणाम कहा है। हर परिवार को मेरा प्रणाम पहुंचेगा तो बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलेगा। उनका आशीर्वाद मिलता है तो मेरे काम करने की ताकत अनेक गुना बढ़ जाती है। 

मध्य प्रदेश के योगदान को सराहा

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत के गौरव को नई बुलंदी और नई पहचान मिली है। इसमें मध्य प्रदेश का भी बहुत बड़ा योगदान है। इसलिए MP कह रहा है- एक बार फिर भाजपा सरकार। प्रधानमंत्री नेकहा कि वो भाजपा सरकार ही है, जिसने भारत को विश्व में पांचवें नंबर की आर्थिक शक्ति बना दिया। वो भाजपा सरकार ही है, जिसने कोरोना के इतने बड़े महासंकट में भी देश को पिछड़ने नहीं दिया। वो भाजपा सरकार ही है,  जिसके कार्यकाल में देश ने चंद्रमा पर अपना झंडा गाड़ा।

भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश को आगे बढ़ाया

ये भाजपा ही है, जिसने MP को एग्रीकल्चर में इतना आगे बढ़ाया। ये भाजपा ही है, जिसने MP को रोड और रेल नेटवर्क में इतना आगे बढ़ाया। ये भाजपा ही है, जिसने MP में औद्योगिक विकास किया, इसे आधुनिक शिक्षा का हब बनाया। इसलिए MP के लोग भाजपा पर अटूट विश्वास करते हैं। भाजपा पर मध्य प्रदेश का ये भरोसा तब से है, जब देश में भाजपा को बहुत कम लोग जानते थे। भाजपा आपके परिवार के वर्तमान और आपके बच्चों के भविष्य के लिए काम कर रही है। आपका सपना ही मेरी गारंटी है, आपका सपना ही मोदी का संकल्प है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा—

मध्‍य प्रदेश और जन-जन के मन हैं मोदी जी

जनकल्याण की योजनाएं कांग्रेस ने नहीं, भाजपा की सरकार ने बनाईं : सीएम

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता है। जो देश के दिल, मध्‍यप्रदेश और जन-जन के मन हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आशीर्वाद से मध्य प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण में हमने कोई कसर नहीं छोड़ी है। प्रदेश में विकास के काम कांग्रेस ने नहीं, भाजपा सरकार ने किये हैं। जनकल्याण की योजनाएं कांग्रेस ने नहीं, भाजपा की सरकार ने बनाईं हैं। मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि इसलिए फिर से भाजपा को अपना आशीर्वाद देकर विजयी बनाइये।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here