नर्मदा किनारे चल रहे अवैध जुआ फड़ पर पुलिस का छापा, भगदड़ के बाद आरोपी फरार।

नर्मदापुरम और सीहोर जिले की सीमा पर नर्मदा नदी किनारे चल रहे अवैध जुए की फड़ पर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। सोहागपुर एसडीओपी अरविंद शाह के नेतृत्व में माखननगर और शाहगंज थाना पुलिस की टीमों ने सुबह-सुबह मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआरियों में हड़कंप मच गया और वे नाव के जरिए नदी पार कर फरार हो गए।

नदी के तेज बहाव और दुर्गम रास्ते को देखते हुए सुरक्षा कारणों से पुलिस ने आरोपियों का पीछा नहीं किया। हालांकि, मौके से नाव और ताश की गड्डी जब्त की गई, जबकि जुए के अड्डे पर लगे टेंट और दरी को पुलिस ने आग लगाकर नष्ट कर दिया। नर्मदापुरम एसपी सांई कृष्णा एस थोटा ने बताया कि नर्मदा किनारे लगातार जुआ चलने की शिकायतें मिल रही थीं। जुआ संचालक पुलिस से बचने के लिए बेहद दुर्गम स्थलों का चयन करते थे, जहां नाव और ट्रैक्टर के जरिए ही पहुंचा जा सकता था।

इसी को ध्यान में रखते हुए सीहोर एसपी से समन्वय बनाकर संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया और गोताखोरों की टीम भी साथ रखी गई थी। मामले में पुलिस ने जुआ गतिविधियों में शामिल पलटा उर्फ वीरेंद्र, बुद्धा मीना, विनीत गोस्वामी और सतीश अहिरवार के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। इसके अलावा परिवहन के लिए नाव व ट्रैक्टर उपलब्ध कराने वाले 12 संदिग्धों को नोटिस जारी किए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here