भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी द्वारा तीसरे उम्मीदवार की घोषणा के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Jitu Patwari ने भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने और विधायकों की खरीद-फरोख्त की कोशिश करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।भोपाल में मीडिया से चर्चा करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा द्वारा तीसरे प्रत्याशी को मैदान में उतारना कोई सामान्य राजनीतिक फैसला नहीं, बल्कि “सोच-समझकर किया गया राजनीतिक षड्यंत्र” है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी भाजपा दो बार लोकतंत्र की हत्या कर चुकी है और अब तीसरी बार विधायकों को खरीदने का प्रयास किया जा रहा है।पटवारी ने दावा किया कि कांग्रेस का राज्यसभा प्रत्याशी पूरी मजबूती के साथ चुनाव जीतेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम कई लोगों के लिए अप्रत्याशित हो सकते हैं, लेकिन कांग्रेस को अपनी जीत पर पूरा भरोसा है।इधर राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस भी सक्रिय नजर आ रही है। सूत्रों के अनुसार पार्टी अपने विधायकों को दूसरे राज्य में शिफ्ट करने की तैयारी कर रही है ताकि किसी भी तरह की टूट-फूट या क्रॉस वोटिंग की संभावना को रोका जा सके।
कांग्रेस विधायक Arif Masood राष्ट्रीय सचिव Kunal Choudhary के साथ दिल्ली रवाना हुए हैं। बताया जा रहा है कि दिल्ली से उन्हें तेलंगाना भेजा जा सकता है, जहां कांग्रेस विधायकों के ठहरने और प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालने की संभावना है।राज्यसभा चुनाव को लेकर दोनों प्रमुख दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश की राजनीति में और भी हलचल देखने को मिल सकती है।


