सागर के मकरोनिया-गुड़ा रेलवे फाटक के पास रविवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। माल से लदा एक ट्रक अचानक रेलवे ट्रैक पर खराब हो गया। ट्रक की बैटरी की सप्लाई लाइन खराब होने के कारण वह बीच ट्रैक पर ही खड़ा हो गया।इसी दौरान मालगाड़ी के आने की सूचना मिलते ही 10वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, सागर की QRF कंपनी के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। जवान दमोह के बांदकपुर मंदिर में कानून-व्यवस्था ड्यूटी के लिए रवाना हो रहे थे।मालगाड़ी को नजदीक आता देख जवानों ने बिना समय गंवाए ट्रक को धक्का लगाना शुरू किया और उसे रेलवे ट्रैक से सुरक्षित दूरी पर हटा दिया। जवानों की त्वरित कार्रवाई और सामूहिक प्रयास से मालगाड़ी के गुजरने से पहले ही ट्रैक खाली हो गया।QRF जवानों की सूझबूझ और तत्परता से संभावित बड़ा रेल हादसा टल गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। ट्रक चालक ने जवानों का आभार जताते हुए उनकी तत्परता और साहस की सराहना की।


