छतरपुर। जिले की चंदला विधानसभा क्षेत्र के बसराही से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां स्कूली छात्र-छात्राओं ने वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार का काफिला रोककर अपनी समस्याएं बताईं और स्कूल की मूलभूत सुविधाओं को लेकर मांग रखी।बसराही माध्यमिक शाला के छात्र लंबे समय से स्कूल तक पहुंचने वाली सड़क, बिजली और अन्य सुविधाओं की समस्या से परेशान बताए जा रहे हैं। मंत्री का काफिला क्षेत्र से गुजरने की जानकारी मिलने पर बच्चों ने सड़क पर पहुंचकर काफिला रोक लिया और अपनी मांगें मंत्री के सामने रखीं।छात्र-छात्राओं ने माध्यमिक शाला बसराही तक पक्की सड़क बनवाने सहित स्कूल की बाउंड्री और बिजली की समस्या दूर कराने की मांग की। बच्चों की बात सुनने के बाद राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।राज्यमंत्री ने बताया कि स्कूल की सड़क निर्माण के बीच निजी जमीन आ रही थी। जमीन मालिक से बातचीत हो चुकी है और जनपद सीईओ को भी निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने जल्द सड़क निर्माण कराने की बात कही। मंत्री के अनुसार स्कूल में बाउंड्री पहले से बनी हुई है।बच्चों द्वारा मंत्री का काफिला रोकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बच्चों का कहना है कि काफी समय से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा था, जिसके चलते उन्हें अपनी बात सीधे मंत्री के सामने रखने के लिए काफिला रोकना पड़ा। अब देखना होगा कि मंत्री के आश्वासन के बाद बसराही स्कूल के बच्चों को सड़क और अन्य सुविधाओं की समस्या से कब तक राहत मिलती है।


