पन्ना जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब लोगों के लिए बड़ी आफत बन चुकी है। नदी-नाले उफान पर हैं और जनजीवन पूरी तरह ठहर गया है। इस बीच सोशल मीडिया पर हरसा-बगोंहा नाले का एक बेहद खौफनाक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं।
नाले में पानी का बहाव इतना तेज है कि पैर टिकना भी नामुमकिन है। इसके बावजूद, प्रशासनिक मुस्तैदी न होने के कारण लोग अपनी जान हथेली पर रखकर इसे पार कर रहे हैं। डरावनी तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि कुछ युवक दूसरों को अपनी गोद में उठाकर और जान जोखिम में डालकर उफनती धारा के बीच से रास्ता पार करा रहे हैं।
नाले के दोनों ओर वाहनों और राहगीरों की लंबी कतारें लगी हैं। बिना किसी सुरक्षा इंतजाम या चेतावनी बोर्ड के लोग इस रौद्र रूप को चुनौती दे रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि किसी बड़े हादसे से पहले यहाँ तुरंत सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं।


