Raipur News: रायपुर में प्राइवेट हॉस्पिटल की ICU में आग से 4 कोरोना मरीजों की मौत की होगी जांच, राहुल गांधी ने जताया शोक

रायपुर के राजधानी अस्पताल की आईसीयू में शॉर्ट-सर्किट की वजह से लगी आग के कारण 4 कोरोना मरीजों की हो गई मौत. (फाइल फोटो)

रायपुर के राजधानी अस्पताल की आईसीयू में आग लगने से 4 कोरोना मरीजों की मौत पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शोक जताया. पंखे में शॉर्ट-सर्किट की वजह से लगी आग के बाद डीएम ने रायपुर के सभी अस्पतालों की सुरक्षा जांच के दिए आदेश.

नई दिल्ली. छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक निजी अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई में आग लगने के बाद कोरोना वायरस के 4 मरीजों की मौत की घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. रायपुर के राजधानी अस्पताल में शनिवार को आग लग गई थी. घटना की जांच के आदेश रायपुर के डीएम भारती दासन ने दिए हैं. अधिकारियों को शहर के सभी कोविड अस्पतालों में सुरक्षा जांच करने के भी निर्देश दिए गए हैं.

इधर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायपुर के अस्पताल में आग लगने से मरीजों की मौत पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने राज्य सरकार से पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता मुहैया कराने का अनुरोध किया. इससे पहले छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घटना पर दुख व्यक्त किया था और मरने वालों के परिवार को चार-चार लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की थी.

राजधानी अस्पताल में आग लगने की घटना के बारे में एक अधिकारी ने बताया, ‘‘घटना में चार लोगों की मौत हुई है. एक की मौत झुलसने से और तीन की दम घुटने के कारण हुई.’’ उन्होंने बताया कि अस्पताल के मालिकों के खिलाफ लापरवाही बरतने का मामला दर्ज किया जाएगा. पुलिस ने बताया कि आग पंखे में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी और अन्य वार्ड तक फैल गई.

इस बीच रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायपुर के अस्पताल में आग लगने की घटना को लेकर शोक जाहिर किया. राहुल ने ट्वीट कर कहा, ‘रायपुर के एक अस्पताल के आईसीयू में आग लगने की खबर दुखद है. अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी सवेदना हैं.’ उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से इस मुश्किल घड़ी में पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता मुहैया कराने की अपील है. आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण की तेज रफ्तार को देखते हुए कई शहरों में लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू लगाया गया है.








Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here