लुटेरी दुल्हन ने रचाया ड्रामा: शादी के दो दिन बाद गहने लेकर फरार, बिचौलिया भी गायब

छतरपुर। जिले में एक बार फिर “लुटेरी दुल्हन” का मामला सामने आया है, जिसमें एक गरीब परिवार शादी के नाम पर ठगी का शिकार हो गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की दुर्गा कॉलोनी में रहने वाले मनोज अहिरवार के साथ हुई इस घटना ने पूरे परिवार को आर्थिक और मानसिक रूप से तोड़ दिया है।

जानकारी के मुताबिक, मनोज अहिरवार (मूल निवासी ग्राम सैला) की शादी 24 अप्रैल 2026 को जटाशंकर धाम में आकांक्षा नाम की युवती से करवाई गई थी। यह विवाह पड़ोस में रहने वाले विक्की सेन नामक बिचौलिये ने करीब 1.5 लाख रुपये लेकर तय कराया था। शादी के बाद परिवार खुशियों के साथ अपने गांव सैला लौट गया, जहां पारंपरिक रस्में निभाई जा रही थीं।

घटना 26 अप्रैल को उस समय हुई जब दुल्हन ने साड़ी खरीदने के लिए बाजार जाने की इच्छा जताई। इसके बाद पति मनोज, बिचौलिया विक्की सेन और उसका साथी आकाश प्रजापति दुल्हन को महाराजपुर बाजार लेकर पहुंचे। बाजार की भीड़ का फायदा उठाकर दुल्हन गहने और कीमती सामान लेकर मौके से फरार हो गई।

हैरानी की बात यह रही कि दुल्हन के फरार होने के बाद बिचौलिया विक्की सेन और उसका साथी आकाश प्रजापति भी गायब हो गए। जब पीड़ित मनोज ने विक्की सेन से संपर्क किया तो उसने पैसे लौटाने के बजाय गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।पीड़ित के पिता अच्छेलाल अहिरवार ने बताया कि बेटे की शादी के लिए उन्होंने अपना घर तक गिरवी रख दिया था। अब न पैसे बचे हैं और न ही बहू का कोई पता है।

पीड़ित परिवार ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और लूटे गए जेवरात व रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here