डबरा में जर्जर मकान की छत गिरी, मां-बेटे की मौत

ग्वालियर के डबरा में बुधवार रात बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। जंगीपुरा इलाके में एक जर्जर मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त रजक परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। छत का मलबा गिरने से परिवार के छह सदस्य दब गए। घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस-प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से मलबे में दबे लोगों का रेस्क्यू कर सभी घायलों को डबरा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।इलाज के दौरान 35 वर्षीय सीमा रजक और उनके दो वर्षीय मासूम बेटे आदित्य की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल पति जोगेंद्र रजक और उनकी एक बेटी को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के बाद दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे में घायल दो बेटियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।बताया जा रहा है कि रजक परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और जंगीपुरा स्थित करीब 50 से 60 साल पुराने जर्जर मकान में किराए से रह रहा था। जोगेंद्र ग्वालियर की जूते की फैक्ट्री में काम करते हैं, जबकि उनकी पत्नी आसपास के घरों में काम करके परिवार की आर्थिक मदद करती थीं।हादसे के बाद मृतका के परिजनों और पड़ोसियों ने डबरा सिविल अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यदि समय पर बेहतर उपचार मिलता तो मां-बेटे की जान बच सकती थी। मामले में प्रशासन ने अस्पताल प्रबंधन पर लगाए गए आरोपों की जांच शुरू कर दी है।डबरा एसडीएम नवकिरण कौर के मुताबिक, मकान काफी पुराना और जर्जर था। हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि दो गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया। दोनों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here