नई दिल्ली: संयुक्त राज्य (US) में कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण हाल ही में और बढ़ गया है, इसके पीछे वजह नस्लीय भेदभाव और पुलिस क्रूरता के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन हैं. बता दें कि छह अमेरिकी राज्यों एरिजोना, फ्लोरिडा, ओक्लाहोमा, ओरेगन, टेक्सास और नेवादा में रिकॉर्ड मामले दर्ज हुए हैं.
यह मामले तब सामने आए हैं जब कई शोधकर्ताओं ने दावा किया कि देश में कोरोना वायरस पीक (Coronavirus Peak) का अंत हो गया है. वहीं कई राज्यों को एक आर्थिक संकट के बीच में फिर से खोलने के लिए मजबूर किया गया है क्योंकि देश में लॉकडाउन के बाद बेरोजगारी दर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुकी है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन कोरोना संक्रमित, AAP MLA भी पॉजिटिव
इनमें से अधिकांश राज्य मई में दैनिक संक्रमण के ऐसे रिकॉर्ड दर्ज कर रहे थे, जब अमेरिका में कोरोना पहली लहर में पीक पर था. ओक्लाहोमा सर्वाधिक वृद्धि वाले राज्यों में से एक है और इसी राज्य में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस सप्ताह के अंत में एक इनडोर अभियान रैली आयोजित करने की योजना बना रहे हैं.
इस राज्य में लगभग आठ प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है जो देश में सबसे अधिक है. समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया कि राज्य ने पिछले सप्ताह मामलों में 68 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी है.
ट्रंप अर्थव्यवस्था को फिर से खोलने के बारे में मुखर रहे हैं, जबकि देश न केवल संक्रमण के मामलों में बल्कि मौतों के मामले में वैश्विक स्तर पर कोरोना का सबसे बुरा प्रकोप झेल रहा है.
राज्य में स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी है कि जो रैली में भाग लेने की योजना बनाएं, वे इससे पहले अपना परीक्षण कराएं और रैली में हिस्सा लेने के बाद 15 दिन तक खुद को क्वारंटीन करें और दोबारा टेस्ट भी कराएं. इसके अतिरिक्त, 65 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों या अन्य बीमारियों से ग्रसित लोगों को घर पर रहने की सलाह दी गई है.


