शाजापुर। शहर के सबसे व्यस्त मीरकला बाजार में दिनदहाड़े चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ‘आदि एंटरप्राइजेज’ नामक मोबाइल गैलरी से एक शातिर बदमाश 70 हजार रुपये की नकदी उड़ा ले गया। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।जानकारी के अनुसार दोपहर के समय पर दुकान पर केवल महिला संचालक मौजूद थी। तभी लाल रंग की TVS राइडर बाइक पर सवार एक युवक दुकान पर पहुंचा। उसने महिला से मोबाइल का बैक कवर दिखाने को कहा। जैसे ही महिला कवर निकालने के लिए पीछे मुड़ी, आरोपी ने फुर्ती से गल्ले में रखा 70 हजार रुपया निकाल लिया और बाइक स्टार्ट कर फरार हो गया। शोर मचने पर आसपास के व्यापारी जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। व्यस्ततम बाजार में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से व्यापारियों में भारी आक्रोश है और उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।