शिवपुरी – पिछोर में मोबाइल दुकान में चोरी का खुलासा, 1.5 लाख के 3 मोबाइल बरामद

शिवपुरी जिले के पिछोर थाना पुलिस ने मोबाइल दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए 25 वर्षीय आरोपी गगन उर्फ गंगू रजक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ओप्पो कंपनी के दो और रियलमी कंपनी का एक मोबाइल बरामद किया है, जिनकी कुल कीमत करीब 1.5 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने दुकान से मोबाइल के साथ नकदी भी चुराई थी। चोरी की नकदी में से 11 हजार रुपए खर्च करने की बात सामने आई है।

थाना प्रभारी नीतू सिंह अहिरवार ने बताया कि फरियादी अर्पित गुप्ता निवासी बीजासेन रोड पिछोर ने 13 सितंबर 2026 को चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी की कॉलेज चौराहे के पास एसएस मोबाइल इलेक्ट्रॉनिक एंड फर्नीचर नाम से दुकान है। रिपोर्ट के मुताबिक, 25-26 अगस्त की रात अज्ञात चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़कर चौथी मंजिल पर बनी छोटी खिड़की काटकर अंदर घुसा था। इसके बाद दुकान से तीन-चार नए मोबाइल और नकदी चोरी कर ले गया था।मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 424/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की।

जांच के दौरान काली माता मंदिर के पीछे संदिग्ध गतिविधियों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक युवक से पूछताछ की। उसने अपना नाम गगन उर्फ गंगू पुत्र नरेश रजक, उम्र 25 वर्ष, निवासी नरिया मोहल्ला पिछोर बताया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया।इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से बैग में रखे तीन मोबाइल बरामद किए। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

https://www.no2politics.com/wp-content/uploads/2026/10/2223090.mp4

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here