धमतरी में 146 नग हीरे जैसे पत्थरों के साथ तस्कर गिरफ्तार, 10.15 लाख का माल जब्त

छत्तीसगढ़ के धमतरी में पुलिस ने हीरे जैसे बहुमूल्य पत्थरों की अवैध खरीद-फरोख्त के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। बिरेझर पुलिस चौकी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने 146 नग बहुमूल्य पत्थरों के साथ 64 वर्षीय आरोपी विनोद अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 10 लाख 15 हजार 200 रुपये है। आरोपी ने पूछताछ में इन पत्थरों को वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।

धमतरी पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में अवैध गतिविधियों और खनिज संपदा की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 18 अक्टूबर को पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नेशनल हाईवे-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति बहुमूल्य पत्थर लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है।

सूचना मिलते ही बिरेझर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के भाटापारा निवासी 64 वर्षीय विनोद अग्रवाल के रूप में हुई।पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 146 नग सफेद, चमकदार और पारदर्शी पत्थर बरामद किए गए। इनका कुल वजन 16.17 ग्राम और शुद्ध वजन 13.49 ग्राम बताया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पूछताछ में वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से पत्थर चोरी करने और अब उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाशने की बात स्वीकार की है।पुलिस ने पत्थरों की अनुमानित कीमत 10 लाख 5 हजार रुपये बताई है। इसके अलावा आरोपी के पास से 8 हजार रुपये कीमत का सैमसंग मोबाइल फोन और 2,200 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्ती 10 लाख 15 हजार 200 रुपये की है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 21(4) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

https://www.no2politics.com/wp-content/uploads/2026/10/2138501.mp4

बाइट: भावना पांडेय, पुलिस अधीक्षक, धमतरी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here