Snowfall in Himachal Pradesh, mercury dropped in many states of North India and Delhi – हिमाचल प्रदेश में हिमपात, उत्तर भारत के कई राज्यों और दिल्ली में पारा गिरा

हिमाचल प्रदेश में हिमपात, उत्तर भारत के कई राज्यों और दिल्ली में पारा गिरा

प्रतीकात्मक तस्वीर

नई दिल्ली:

हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के कुछ ऊंचे इलाकों में मंगलवार को हिमपात हुआ तथा हरियाणा, पंजाब और दिल्ली समेत उत्तर भारत के अनेक स्थानों पर पारा गिर गया. मौसम विभाग ने इस सप्ताह तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक गिरावट का पूर्वानुमान व्यक्त किया है. भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने अपने बुलेटिन में कहा कि तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में कई जगहों पर बारिश हुई. हिमाचल के मनाली में तापमान शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा. एक दिन पहले ही राज्य के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी हुई थी. वहीं केलांग राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां तापमान शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा.

यह भी पढ़ें

Newsbeep

उत्तराखंड में सोमवार को भारी हिमपात हुआ और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केदारनाथ में फंस गये. राजधानी देहरादून में तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आईएमडी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान गिरकर 13 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जो सोमवार के तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस कम है. मंगलवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने कहा कि बुधवार को आसमान साफ रहेगा और सुबह थोड़ी धुंध रह सकती है. न्यूतनम तापमान दो डिग्री सेल्सियस कम हो सकता है. आईएमडी ने हिमपात संबंधी ब्योरे में कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर बर्फबारी/ बारिश हुई है.”

राजस्थान में एक मात्र पर्वतीय पर्यटक स्थल माउंट आबू मंगलवार को चार डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा. मौसम विभाग के अनुसार, श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 13, बीकानेर में 13.2, चूरू में 13.5, पाली में 14, बाड़मेर में 15.8 डिग्री सेल्सियस और अन्य स्थानों पर 16.1 डिग्री सेल्सियस से लेकर 19.8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहने और आगामी 2—3 दिनों में रात के तापमान में गिरावट होने का अनुमान जताया है.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here