एसपी धर्मराज सिंह का बामोर थाने पर औचक निरीक्षण, दीपावली से पहले अवैध गतिविधियों पर सख्ती के निर्देश

मुरैना। पुलिस अधीक्षक धर्मराज सिंह ने 25 अक्टूबर 2026 को बामोर थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने में पदस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की जानकारी ली। एसपी ने अपराधों की रोकथाम और प्रभावी पुलिसिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, हवालात, मालखाना, सीसीटीवी कैमरे, सर्विलांस रूम और अभिलेखों के संधारण की स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का समय-सीमा में पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।दीपावली पर्व को देखते हुए एसपी ने अवैध गतिविधियों, अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन, मादक पदार्थों और अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण व बिक्री के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने, रात्रि गश्त बढ़ाने और संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के निर्देश दिए।

एसपी ने लंबित अपराधों, गुमशुदगी और संपत्ति संबंधी मामलों की समीक्षा करते हुए त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने को कहा। उन्होंने ई-साक्ष्य एप और डिजिटल साक्ष्यों का नियमानुसार उपयोग करने तथा फरियादियों की शिकायतों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनोन्मुखी पुलिसिंग के साथ कार्य करने की हिदायत दी, ताकि आमजन में सुरक्षा का विश्वास बना रहे और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here