Sri Lanka: 71% voting in parliamentary elections amid Corona transition, Rajapaksa may win | श्रीलंका आम चुनाव: मतगणना शुरू, राजपक्षे की पार्टी को है जीत की उम्मीद

कोलंबो: श्रीलंका (Sri Lanka) के प्रभावशाली राजपक्षे परिवार द्वारा नियंत्रित श्रीलंका पीपुल्स पार्टी (SLPP) गुरुवार को घोषित किए गए शुरुआती परिणामों के अनुसार संसदीय चुनाव (Parliamentary Election) में भारी जीत की ओर अग्रसर है. सिंहली बहुल दक्षिण क्षेत्र से अब तक 5 परिणामों की घोषणा की गई है. इनमें एसएलपीपी को 60 प्रतिशत से अधिक मत मिले हैं.

SLPP की निकटतम प्रतिद्वंद्वी एक नई पार्टी है जिसकी स्थापना सजीथ प्रेमदासा ने की है. प्रेमदासा ने अपनी मूल पार्टी यूनाइटेड नेशनल पार्टी (यूएनपी) से अलग होकर नयी पार्टी बनाई है. चुनाव परिणामों के अनुसार यूएनपी चौथे स्थान पर है. आधिकारिक परिणामों से पता चलता है कि मार्क्सवादी जनता विमुक्ति पेरामुना (JPV) ने भी UNP की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है.

तमिल बहुल उत्तर क्षेत्र में, मुख्य तमिल पार्टी को जाफना में एक क्षेत्र में जीत मिली है जबकि राजपक्षे की सहयोगी ईलम पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (ईपीडीपी) ने जाफना जिले के एक अन्य क्षेत्र में तमिल नेशनल एलायंस (टीएनए) को हराया है. मतदान बुधवार को हुआ था. जबकि मतों की गिनती सुबह शुरू हुई. मतों की गिनती शुरू होते ही SLPP के संस्थापक बेसिल राजपक्षे ने कहा कि पार्टी नई सरकार बनाने के लिए तैयार है.

ये भी पढ़ें:- सुप्रीम कोर्ट में विजय माल्या की फाइल से दस्तावेज गायब, 20 अगस्त तक टली सुनवाई

विश्लेषकों के अनुसार SLPP 225 सदस्यीय संसद में आराम से बहुमत हासिल कर लेगी. बेसिल राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे के छोटे भाई हैं. प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे उनके सबसे बड़े भाई हैं. राष्ट्रपति को उम्मीद है कि SLPP को दो-तिहाई बहुमत मिलेगा. इससे वह संविधान में संशोधन करते हुए राष्ट्रपति पद की शक्तियों को बहाल कर सकेंगे. 2015 में संविधान में संशोधन करते हुए राष्ट्रपति के अधिकारों में कटौती की गई थी.

राष्ट्रीय चुनाव आयोग के अध्यक्ष महिंदा देशप्रिय ने बताया कि कोविड-19 महामारी के प्रकोप के बीच हुए चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए. देशप्रिय ने कहा कि 1.62 करोड़ मतदाताओं में से करीब 71 प्रतिशत लोगों ने मताधिकार का इस्तेमाल किया. उन्होंने कहा कि देश में 64 मतगणना केन्द्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना जारी है. वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक धर्मसेना ने कहा कि हमने 64 मतगणना केन्द्रों में 3,328 कर्मी तैनात किए हैं.

बुधवार शाम पांच बजे मतदान सम्पन्न होने के बाद मतपेटियों को मतगणना केन्द्र भेज दिया गया था. राजनीतिक पार्टी के प्रतिनिधियों को मतगणना केन्द्रों पर रात भर निगरानी रखने की अनुमति दी गई, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उनके साथ कोई छेड़छाड़ ना हो पाए. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मतगणना शुरू होने के साथ ही एसएलपीपी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय संगठक बासिल राजपक्षे ने कहा कि उनकी पार्टी नयी सरकार के गठन के लिए तैयार है.

ये भी पढ़ें- पालघर केस: SC का महाराष्ट्र सरकार से सवाल- आरोपी पुलिसवालों पर क्या कार्रवाई हुई?

बासिल, राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे और प्रधानमंत्री पद के दावेदार महिंदा राजपक्षे के भाई हैं. उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि एसएलपीपी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी. हम चुनाव में दो-तिहाई बहुमत की उम्मीद कर रहे हैं लेकिन इसका फैसला तो लोग ही करेंगे. उन्होंने आगे कहा कि उन्हें विश्वास है कि राष्ट्रपति गोटबाया और प्रधानमंत्री महिंदा के नेतृत्व में अर्थव्यवस्था बेहतर होगी.

चुनाव आयोग के अध्यक्ष देशप्रिय बताया कि हमें उम्मीद है कि शुरुआती नतीजे दोपहर साढ़े तीन बजे तक आ जाएंगे. उन्होंने बुधवार को कहा था कि मतगणना कोविड-19 के दिशा-निर्देशों के तहत ही की जा रही है. महिंदा राजपक्षे ने मतदान के बाद संवाददाताओं से कहा था कि हमें दो-तिहाई बहुमत से जीत की उम्मीद है.

उन्होंने कहा कि उनके छोटे भाई को पिछले साल दिसंबर में 69 लाख मतदाताओं ने समर्थन देकर राष्ट्रपति बनाया था और उन्हें इसी तरह का समर्थन इस बार मिलने की उम्मीद है. महामारी की वजह से दो बार इस चुनाव को टालना पड़ा था. संसद के 225 सदस्यों के पांच साल तक निर्वाचन के लिए चुनाव हो रहे हैं.

यहां 1.6 करोड़ से अधिक लोगों को 225 सांसदों में से 196 के निर्वाचन के लिए मतदान करने का अधिकार है. वहीं 29 अन्य सांसदों का चयन प्रत्येक पार्टी द्वारा हासिल किए गए मतों के अनुसार बनने वाली राष्ट्रीय सूची से होगा. पहले यह चुनाव 25 अप्रैल को होने वाले थे लेकिन कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर इसकी तारीख बढ़ाकर 20 जून की गई. इसके बाद स्वास्थ्य अधिकारियों के निर्देशों को ध्यान में रखते हुए चुनाव की तारीख आगे बढ़ाकर पांच अगस्त कर दी गई. करीब 20 राजनीतिक दलों और 34 स्वतंत्र समूहों के 7,200 से ज्यादा उम्मीदवार 22 चुनावी जिलों से मैदान में हैं.

LIVE TV




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here