कोलकाता। पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा निर्देश जारी किया है। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर की आवाज नियंत्रित करने और सड़कों पर होने वाली धार्मिक गतिविधियों को रोकने के निर्देश दिए हैं।
हालांकि आदेश में किसी विशेष धर्म, मस्जिद या नमाज का सीधे तौर पर उल्लेख नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर की आवाज बाहर तक न पहुंचे और प्रार्थना सभाओं या धार्मिक आयोजनों के कारण आम लोगों को सड़क जाम जैसी परेशानियों का सामना न करना पड़े। विशेष अवसरों को इसमें अपवाद माना गया है।
बताया जा रहा है कि ये निर्देश वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दिए गए एक दर्जन अहम निर्देशों का हिस्सा हैं। इनमें अवैध कोयला और रेत खनन, पशु तस्करी तथा महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर “ज़ीरो टॉलरेंस” नीति अपनाने के निर्देश भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री बनने के बाद सुवेंदु अधिकारी की अधिकारियों के साथ यह पहली बड़ी बैठक थी, जो नबन्ना में आयोजित की गई। बैठक में डीजीपी एस एन गुप्ता, एडीजी कानून-व्यवस्था अजय रानाडे और कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंद समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि कानून का पालन सभी पर समान रूप से लागू होना चाहिए और किसी भी तरह की अव्यवस्था या सार्वजनिक असुविधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


