छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती से दो दिन पूर्व सोमवार को छिंदवाड़ा में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजित हिंदू गर्जना रैली में तेलंगाना के विधायक टी राजा सिंह शामिल हुए। रैली की शुरुआत दादा धूनीवाले मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद हजारों समर्थकों के साथ वे खुले रथ में सवार होकर दशहरा मैदान पहुंचे, जहां धर्मसभा का आयोजन किया गया।धर्मसभा को संबोधित करते हुए टी राजा सिंह ने छत्रपति शिवाजी महाराज की वीरगाथा और मुगल काल का उल्लेख किया। इस दौरान उन्होंने जनसंख्या, घुसपैठ और हिंदुत्व के मुद्दों पर आक्रामक बयान दिए। उन्होंने बांग्लादेशी घुसपैठियों को लेकर कड़ी कार्रवाई की मांग की और विवादित टिप्पणी भी की।अपने भाषण में उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर भी तीखे हमले किए। साथ ही मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से प्रदेश में कथित तौर पर मिल रही मुफ्त योजनाओं को बंद करने की मांग की।टी राजा सिंह ने सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी प्रेरणा नरेंद्र मोदी को छत्रपति शिवाजी महाराज से मिली। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

