ताइपे: कोरोना वायरस (CoronaVirus) की रोकथाम के लिए बनाए गए नियमों के उल्लंघन पर सभी देश सख्त कार्रवाई कर रहे हैं. ताइवान (Taiwan) में एक शख्स पर नियम तोड़ने के आरोप में करीब तीन लाख रुपए का भारी-भरकम जुर्माना लगाया गया है. यहां गौर करने वाली बात यह है कि आरोपी केवल चंद सेकंड के लिए ही क्वारंटाइन सेंटर (Quarantine Center) से बाहर निकला था. स्थानीय प्रशासन ने आरोपी के इस कृत्य को गंभीर लापरवाही मानते हुए तीन लाख का जुर्माना लगाया है. साथ ही उसे भविष्य में ऐसा न करने की सख्त हिदायत भी दी गई है.
ताइवान (Taiwan) के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मूल रूप से फिलीपींस निवासी एक श्रमिक को दक्षिणी ताइवान के काऊशुंग शहर (Kaohsiung City) स्थित एक होटल में क्वारंटीन (Quarantine) किया गया था. CCTV फुटेज में इसकी पुष्टि हुई है कि वो थोड़ी देर के लिए होटल से बाहर आया था, जो नियमों उल्लंघन है. इसलिए आरोपी पर $3,500 (2,58,329 रुपये) का जुर्माना लगाया गया है.
ये भी पढ़ें -Britain में भारतीय मूल के हरि शुक्ला को सबसे पहले लगेगा COVID-19 टीका
तुरंत Hotel पहुंचे अधिकारी
CNN की रिपोर्ट में बताया गया है कि आरोपी श्रमिक केवल आठ सेकंड के लिए होटल से बाहर आया था. उसकी यह हरकत होटल में लगे CCTV में कैद हो गई. होटल के एक कर्मचारी को जब इसका पता चला तो उसने तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया. सूचना मिलते ही अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए आरोपी पर 100,000 ताइवान डॉलर का जुर्माना लगाया.
स्वास्थ्य विभाग ने चेताया
कोरोना (CoronaVirus) के खतरे को देखते हुए ताइवान में नियमों का सख्ती से पालन करवाया जा रहा है. खासकर क्वारंटाइन संबंधी नियम बेहद कड़े हैं और लोगों को अपने कमरों से बाहर निकलने की इजाजत नहीं है. स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि क्वारंटाइन में रहने वालों को यह ध्यान रखना होगा कि नियम तोड़ने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.
दुनियाभर से मिली तारीफ
कोरोना महामारी से निपटने में ताइवान ने दुनियाभर से तारीफ हासिल की है. सरकार ने खतरे को भांपते ही सख्ती से लॉकडाउन लागू किया और वायरस से लड़ने के लिए एक व्यापाक एवं कारगर रणनीति तैयार की. जिसकी बदौलत वायरस ताइवान में उतना कहर नहीं बरपा सका, जितना कि दूसरे कई देशों में बरपाया है. कोरोना महामारी की शुरुआत में ही ताइवान ने वुहान से आने वालीं सीधी उड़ानों के यात्रियों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी थी, और इसी का फायदा उसे आगे मिला.

