हत्याकांड में फ़रार आरोपी बना रहे समझौते का दबाव

दतिया के बहुचर्चित अशोक शर्मा हत्याकांड में चार महीने बाद भी पीड़ित परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। मंगलवार को मृतक की पत्नी और बेटा एसपी कार्यालय पहुंचे और आरोप लगाया कि मामले के अन्य नामजद आरोपी अब तक फरार हैं और लगातार समझौते का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

12 फरवरी 2026 की रात ग्राम टोड़ा निवासी अशोक शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मृतक के परिजनों का आरोप है कि मामले में शामिल अन्य नामजद आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। हत्या के चार महीने बाद भी परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है, लेकिन उन्हें डर है कि खुलेआम घूम रहे आरोपी किसी भी समय बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।

परिवार का आरोप है कि फरार आरोपी और उनके रिश्तेदार लगातार राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं। परिवार का कहना है कि समझौता नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। इतना ही नहीं, एक आरोपी द्वारा व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से भी धमकी दिए जाने की शिकायत पुलिस से की गई थी। परिवार का कहना है कि भय के कारण उनका सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है और खेती-किसानी का काम भी प्रभावित हो रहा है।

मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, इसलिए परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर कदम उठाना जरूरी है। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और नियम अनुसार कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

हत्या के चार महीने बाद भी इंसाफ और सुरक्षा की मांग को लेकर दर-दर भटक रहे इस परिवार की गुहार पर पुलिस कितनी जल्दी कार्रवाई करती है, यह देखने वाली बात होगी। फिलहाल परिवार की नजरें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here