छतरपुर। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के नेता ने बुंदेलखंड में सामाजिक न्याय और संविधान आधारित व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड को सामंतवाद और मनुवाद से मुक्त कराकर सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकता है।उन्होंने 2028 के विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि आजाद समाज पार्टी छतरपुर जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर चुनावी तैयारी कर रही है और जीत हासिल कर प्रदेश की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य सत्ता में भागीदारी हासिल कर “सरकार की चाबी” अपने हाथ में लेना है।नेता ने पंचायत चुनाव के दौरान नामांकन फॉर्म छीने जाने की घटनाओं, सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों और बालाघाट में स्वास्थ्य विभाग की कथित लापरवाही का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने इन मामलों को लेकर संबंधित मंत्रियों और अधिकारियों के इस्तीफे की मांग की।उन्होंने कहा कि समाज का बड़ा शोषित वर्ग अब अपने अधिकारों, धन, धरती और राजपाठ में हिस्सेदारी के लिए एकजुट हो रहा है। पार्टी ने सामाजिक न्याय और संविधान में दिए अधिकारों को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने की बात कही।


