गर्मी ने किया बेहाल, 43 पार पहुंचा पारा, रात का तापमान भी बढ़ा

भोपाल। मध्य प्रदेश में उसम लोगों को बेहाल कर रही है। लोगों को जहां दिन में तपिश से राहत नहीं मिल रही है, वहीं अब रात में भी उमस होने लगी है। प्रदेश के 30 से अधिक जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया है। रात का तापमान भी बढ़कर 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सोमवार को बालाघाट और रतलाम जिला में लू चलने की आशंका भी जताई गई है। भले ही गर्मी लोगों को परेशान कर रही हो, लेकिन प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर भी जारी है। रविवार को सिवनी जिले में पानी गिरा है। शनिवार-रविवार के दरमियान नौगांव, जबलपुर और खजुराहो में भी पानी गिरा। इसके अलावा अन्य कई स्थानों में भी बूंदाबांदी हुई है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 14 जिलों में बारिश होने का अनुमान जताया गया है। बुलेटिन में अनुसार खरगोन, बैतूल, बड़वानी, झाबुआ, अलीराजपुर, इंदौर, धार, रतलाम, देवास, सीधी, बुरहानपुर, सतना, सिंगरौली और छिंदवाड़ा जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक की परिस्थिति भी बन सकती है। प्रदेश के अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। रविवार को प्रदेश के 3 जिलों का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान खजुराहो में 43.6, दमोह में 43.4, टीकमगढ़ में 43,नौगांव में 42.5, गुना में 42.4, भोपाल में 40.8, ग्वालियर में 41.8, इंदौर में 38.3, खरगोन में 41, रायसेन में 40.8, रतलाम में 41.6, शिवपुरी में 42 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में चल रही पश्चिमी हवाओं के कारण नमी आ रही है, इससे आंशिक बादल छा रहे हैं। इसी कारण न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है और वातावरण में उमस की परिस्थितियां निर्मित हो रही है। हालांकि मंगलवार से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। कई जिलों में गरज चमक के साथ बारिश शुरू हो सकती है। 20 जून के बाद कभी भी मानसून प्रदेश में दस्तक दे सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here