भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आज मंत्रालय में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इसे केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए प्रभावी जनसंवाद और व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने के निर्देश दिए।अभियान के दौरान प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा एवं प्रमुख उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही ‘जन विश्वास अभियान’ की गतिविधियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिलों की विकास पुस्तिकाएं आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। सभी मंत्री अपने विभागों और प्रभार वाले जिलों में अभियान की नियमित समीक्षा करेंगे तथा जिलों के लिए तिथिवार कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ सहित 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।इन आयोजनों के माध्यम से नागरिकों को ‘विकसित भारत @ 2047’ के संकल्प से जोड़ने और सेवा, सुशासन तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है।


