युवाओं की सोच बदलने और नई दिशा देने की होगी पहल
छतरपुर। देश भर के युवाओं में एक नई चेतना जगाने के उद्देश्य से बागेश्वर धाम पीठाधीश पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक अभियान शुरू कर रहे हैं जिसे आत्म शुद्धि शिविर का नाम दिया गया है। सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव के बीच युवाओं को सही दिशा, सकारात्मक सोच और जीवन के मूल्यों से जोड़ने की पहल की जा रही है। इसी उद्देश्य से बागेश्वर धाम में 1 सितंबर से 3 सितंबर तक तीन दिवसीय आत्म शुद्धि शिविर का आयोजन किया जाएगा। बागेश्वर महाराज की पहल पर बागेश्वर धाम जन सेवा समिति की ओर से आयोजित होने वाले इस शिविर का उद्देश्य युवाओं के भीतर आत्मचिंतन, अनुशासन, संस्कार और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। तीन दिवसीय आत्म शुद्धि शिविर के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास होगा कि युवा बदलेगा तो सोच बदलेगी, सोच बदलेगी तो समाज बदलेगा और समाज बदलेगा तो राष्ट्र नई दिशा में आगे बढ़ेगा।बागेश्वर महाराज का मानना है कि देश को विश्व गुरु बनाने के लिए युवाओं में केवल आधुनिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि ‘गुरुत्व’ की भावना भी विकसित करनी होगी। युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और विचारों का सकारात्मक उपयोग करें साथ ही समाज व राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को समझें। शिविर का उद्देश्य केवल युवाओं को प्रेरित करना नहीं बल्कि उनकी सोच में सकारात्मक बदलाव लाकर उन्हें जीवन और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराना है।


