देश के अलग-अलग राज्यों में रविवार से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2022 में शुरू हुआ यह अभियान अब राष्ट्रप्रेम और जनभागीदारी का व्यापक जनआंदोलन बन चुका है।इस वर्ष 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के जरिए लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति गौरव एवं एकता की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस दौरान युवाओं और जेन-जी की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर संस्कृति मंत्रालय की पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए देशवासियों से अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश का गौरव है और देश के लिए हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देने की प्रेरणा देता है।प्रधानमंत्री ने ‘विकसित भारत’ के निर्माण में योगदान देने के सामूहिक संकल्प को दोहराने का आह्वान किया। इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को ‘वंदे मातरम्’ को समर्पित किया गया है, ऐसे समय में जब देश ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है।


