एक परिवार की तीन बच्चियों की मौत, पुलिस जांच में जुटी

नर्मदापुरम- इटारसी से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। एक ही परिवार की तीन मासूम बेटियों की मौत से परिवार में मातम पसरा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, खाना खाने के बाद बच्चियों की तबीयत बिगड़ी थी। दो बच्चियों की इंदौर में मौत हुई, जबकि तीसरी बच्ची को इटारसी के सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत की असली वजह सामने नहीं आई है।

बताया जा रहा है कि परिवार मूल रूप से रायपुर, छत्तीसगढ़ का रहने वाला है और फिलहाल इंदौर के बेटमा इलाके में रह रहा था। परिवार ने एक साथ खाना खाया था। इसके बाद दो बच्चियों की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए इंदौर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन दोनों को बचाया नहीं जा सका। दोनों बच्चियों के शव लेकर परिजन एंबुलेंस से रायपुर के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान इटारसी के पास तीसरी बेटी 10 वर्षीय आशी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल इटारसी के शासकीय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्ची की हालत बेहद गंभीर थी।

डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया, लेकिन करीब एक घंटे के भीतर उसकी भी मौत हो गई। मृत बच्चियों की पहचान 10 वर्षीय आशी, 8 वर्षीय विशुका और 6 वर्षीय विधि के रूप में हुई है। एक ही परिवार की तीन बेटियों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शुरुआती तौर पर उल्टी-दस्त और संदिग्ध फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने अभी मौत की वजह की पुष्टि नहीं की है।वीओ03- घटना की सूचना मिलते ही इटारसी पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। टीआई सौरभ पांडे के मुताबिक मामला इंदौर के बेटमा थाना क्षेत्र से जुड़ा है।

इसलिए इटारसी पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। आगे की कार्रवाई के लिए केस डायरी संबंधित थाना पुलिस को भेजी जाएगी। पुलिस ने तीनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम और बिसरा जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस भोजन, बीमारी और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here