भोपाल। ठंड के मद्देनजर भोपाल सहित कई जिलों में स्कूल जाने के समय में बदलाव किया गया है। शिवपुरी में 7 जनवरी तक छुट्टी घोषित कर दी गई है। भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया द्वारा जारी किये गए आदेश में कहा गया है कि सभी सरकारी, प्राइवेट स्कूल और आंगनबाड़ी सुबह 9.30 बजे से शुरू होंगे। जो जिन स्कूलों में दो शिफ्ट में लगते हैं, वे 9 बजे से लगेंगे। गौरतलब है कि भोपाल के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कलेक्टर को स्कूल टाइम बदलने के निर्देश दिए थे। इसके बाद कलेक्टर ने आदेश जारी कर दिया। सागर में सुबह 9.30 बजे स्कूल लगेंगे। रीवा में पांचवी कक्षा तक के स्कूल सुबह 10.30 बजे से लगेंगे। भिंड में एक हफ्ते पहले ही स्कूल टाइम सुबह 10.30 बजे किया जा चुका है। सीधी में भी नर्सरी से 5वीं क्लास तक के स्कूल का समय सुबह 10 बजे कर दिया गया है। सतना में क्लास 5वीं तक के लिए स्कूलों का समय सुबह 10 बजे कर दिया गया है। विदिशा में क्लास 5वीं तक के स्कूल सुबह 9.30 बजे से शुरू होंगे। शिवपुरी कलेक्टर ने 4 जनवरी से 7 जनवरी तक सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल बंद रखने के आदेश दिए हैं।
परीक्षा का समय भी बदला
बोर्ड की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का समय भी बदला गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने 9वीं से लेकर 12वीं क्लास की परीक्षाओं के समय में बदलाव करते हुए पहली शिफ्ट सुबह 8 बजे से बढ़ाकर 9 बजे कर दिया गया है। दूसरी शिफ्ट में सुबह 11.15 बजे होने वाली परीक्षाा दोपहर 1 बजे से होगी।
कोहरे की चेतावनी
मध्य प्रदेश मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार आने वाले 24 घंटों के दौरान घना और हल्का कोहरा छाया रह सकता है। ग्वालियर, भिंड, नीमच, रीवा, सागर, चंबल, मंदसौर, उज्जैन, बैतूल, सीहोर, विदिशा, डिंडोरी दतिया भोपाल और रायसेन में शामिल हैं।
मावठा, ओले भी गिर सकते हैं
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार मध्य प्रदेश में जल्द ही मावठा गिर सकता है। 5-6 जनवरी को मावठा जबलपुर के रास्ते प्रदेश में आएगा। पूर्वी मध्य प्रदेश में ओले के साथ पानी गिरने का अनुमान भी जताया जा रहा है। अगर ऐसा हुआ तो तापमान में तेजी से गिरावट आएगी।
यहां हो सकती है बारिश
नर्मदापुरम,जबलपुर, बैतूल, सिवनी और आसपास के जिलों में आगामी दो दिनों में बारिश के आसार हैं। वहीं, आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश के सभी जिलो में तापमान 10 डिग्री के नीचे रह सकता है। ग्वालियर, चंबल, बुंदेलखंड, बघेलखंड और महाकौशल में तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच सकता है।


