कोरबा की सड़कों पर पसरा सन्नाटा.
Corona in Chhattisgarh : बीते एक हफ्ते से सैकड़ों में नए मरीज़ों की तादाद पहुंचने के बाद यह कड़ा फैसला लिया गया है, ताकि कोरबा में Covid-19 महामारी की रोकथाम संभव हो सके. जानिए शहर में कैसा होगा लॉकडाउन और क्या हैं हिदायतें.
कोरबा में शनिवार को जिला स्तरीय टास्कफोर्स की बैठक में इस बारे में विचार करने के साथ ज़िले में दस दिनों के पूर्ण लॉकडाउन का निर्णय लिया गया. पिछले एक सप्ताह से कोरबा ज़िले में कोरोना पॉज़िटिव की संख्या सैकड़ों में आ रही है. बीते 3 दिन में यह स्तर 500 तक पहुंच गया. अब की स्थिति में 2000 से अधिक एक्टिव केस ज़िले में हैं.
ये भी पढ़ें : बीजेपी और कांग्रेस दफ्तर पर कोरोना की मार, लॉक करना पड़ा ऑफिस
कैसी रहेंगी व्यवस्थाएं?प्रशासन ने लॉकडाउन की अवधि में दूध के लिए सुबह और शाम 4 घंटे की छूट दी है. ज़िले में कोरबा शहर आठ सेक्टरों में पाली चार, कटघोरा तीन, छुरी दो, दीपका दो सेक्टरों में बंटे हैं. सभी इलाकों में बैरिकैड्स लगाकर आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा. ज़िले की सीमाओं पर 13 चेकिंग बैरियर लगेंगे. यही नहीं, सेक्टर मजिस्ट्रेट अपनी टीमों के साथ पूरे शहर में लगातार इंतज़ामों का मुआयना कर रहे हैं.
कोरबा में जगह जगह बैरिकैड्स लगाकर आवाजाही नियंत्रित की जाएगी.
क्या दी जा रही हैं सलाहें?
अगर आप चिंता, तनाव या डिप्रेशन जैसे रोगों के शिकार हैं, तो कोरोना से जुड़ी खबरें ज़्यादा देखने सुनने से परहेज़ करें. साथ ही, दूसरों को वायरस के बारे में बेवजह सलाह देने से बचें. जितना संभव हो संगीत सुनें. अध्यात्म और ध्यान व योग आदि से जुड़ें. बच्चों के साथ बोर्ड गेम्स खेलने और परिवार के साथ मिल जुलकर सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में रहने की सलाह भी जानकार दे रहे हैं.
ये भी पढ़ें : चैत्र नवरात्रि पर कोरोना का साया, उज्जैन की शक्तिपीठ में नहीं जा सकेंगे श्रद्धालु
इसके साथ ही, अपने हाथों और चीज़ों की साफ सफाई, सभी से कम से कम 1 मीटर की दूरी पर रहकर मिलने और मास्क लगाने की हिदायतें तो दी ही जा रही हैं. विशेषज्ञ बता रहे हैं कि नकारात्मक सोच-विचार की प्रवृति से डिप्रेशन बढ़ता है जिससे वायरस से लड़ने की क्षमता कम होती है. वहीं, सकारात्मक सोच से आपका शरीर और मन मज़बूत होता है. लाॅकडाउन के दौरान आमजनों के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम का फोन नंबर 07759-224608 है, जहां कॉल करके सहायता ली जा सकती है.

