सिंध नदी में ट्रैक्टर चालक की मौत से बवाल, अवैध रेत उत्खनन पर उठे सवाल

दतिया जिले में अवैध रेत उत्खनन एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गया है। लांच थाना क्षेत्र के गोविंद नगर सिंध नदी घाट पर रेत भरने गए एक ट्रैक्टर चालक की नदी में डूबने से मौत हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। घटना से नाराज लोगों ने इंदरगढ़ के ग्वालियर रोड पर चक्का जाम कर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग उठाई।

जानकारी के अनुसार टोड़ा पहाड़ निवासी चंदन बघेल शनिवार को ट्रैक्टर लेकर सिंध नदी घाट पर रेत भरने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान वह नदी में नहाने उतरा और गहरे पानी में बने भंवर में फंसकर डूब गया। रातभर पुलिस और ग्रामीण उसकी तलाश करते रहे, लेकिन रविवार सुबह उसका शव नदी से बरामद किया गया।

मृतक के परिजनों ने रेत कारोबारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि युवक की मौत सामान्य हादसा नहीं बल्कि साजिश का परिणाम है। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सिंध नदी में पनडुब्बी और जेसीबी मशीनों से लगातार हो रहे अवैध उत्खनन के कारण नदी में गहरे गड्ढे और खतरनाक भंवर बन गए हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना ने प्रशासन की कार्यप्रणाली और अवैध खनन पर नियंत्रण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

https://www.no2politics.com/wp-content/uploads/2026/05/VID-20260517-WA0029.mp4

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here