रीवा जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। रीवा-गुढ मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला रीवा जिले के बिछिया थाना क्षेत्र स्थित पेट्रोल पंप के सामने का बताया जा रहा है।
मंगलवार को हुए इस सड़क हादसे को लेकर, बताया जा रहा है कि बाइक सवार दो युवक किसी काम से जा रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सिलपरा निवासी मनसुख चतुर्वेदी और गणेश पटेल के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
सूचना मिलने पर गुढ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है, साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल इस दर्दनाक हादसे से दोनों मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


