वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव (US Presidential Election) जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. इसी कड़ी में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (President Donald Trump) ने डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से उप राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस (Kamala Harris) पर निशाना साधा है. ट्रंप ने कहा कि हैरिस में शीर्ष पद पर आसीन होने की काबिलियत नहीं है. इतना ही नहीं उन्होंने अपनी बेटी इवांका ट्रंप (Ivanka Trump) को उनसे बेहतर बताया. इतना ही नहीं उन्होंने इवांका को अगली राष्ट्रपति का बेहतर दावेदार भी बताया है. न्यू हैंपशायर में अपने समर्थकों के बीच ट्रंप ने भारतीय मूल की सीनेटर कमला हैरिस की काबिलियत पर सवाल उठाते हुए ट्रंप ने कहा कि मुझे लगता है कि मेरी बेटी इवांका ट्रंप को अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति बनना चाहिए.
इवांका ट्रंप बेहतर
ट्रंप ने न्यूहैम्पशायर (New Hampshire) में रिपब्लिकन पार्टी (Republican Party) की प्रचार रैली को संबोधित किया. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘हैरिस पहले राष्ट्रपति पद की रेस में थीं. अब वह उपराष्ट्रपति बनने की कोशिश कर रही हैं. वह इस पद के लायक भी नहीं हैं। मुझे कतई नहीं लगता कि 2024 के चुनाव में हैरिस डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति प्रत्याशी हो सकती हैं. मैं चाहता हूं कि अमेरिका में पहली महिला राष्ट्रपति बने. मुझे यह भी लगता है कि इस पद के लिए मेरी बेटी और सलाहकार इवांका ज्यादा बेहतर उम्मीदवार है.
ये भी पढ़ें- स्वीडन में समुदाय विशेष के धार्मिक ग्रंथ जलाने के बाद भड़के दंगे, 15 हिरासत में
राष्ट्रपति पद की दावेदार थीं कमला
दरअसल, कमला हैरिस पिछले साल तक राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी की दावेदारी कर रहीं थी. डेमोक्रेटिक पार्टी से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बिडेन (Joe Biden) ने हैरिस को उप राष्ट्रपति पद के लिए चुना है. हैरिस के पिता जमैका से और उनकी मां भारत से थीं.
इवांका के लिए बजी तालियां
ट्रंप ने अपने संबोधन में कहा कि आप जानते हैं कि मैं भी शीर्ष पद पर एक महिला को देखना चाहता हूं, लेकिन मैं नहीं चाहता कोई ऐसी महिला इस पद पर इस तरीके से आए और वह काबिल भी नहीं हैं. ट्रंप के इतना कहते ही लोग तालियां बजाने लगे और कुछ इवांका ट्रंप का नाम चिल्लाने लगे. इस पर राष्ट्रपति ने अपने समर्थकों से कहा कि वे सब भी कह रहे हैं हम इवांका को चाहते हैं. मैं आप पर तोहमत नहीं लगा रहा हूं.
ये भी पढ़ें- Unlock-4: 7 सितंबर से चलेंगी मेट्रो, जानिए क्या-क्या खुलेगा, क्या अभी भी बंद रहेगा
ट्रंप की पहली चुनावी रैली
गौरतलब है कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए गुरुवार को औपचारिक रूप से रिपब्लिकन पार्टी के नामांकन को स्वीकार करने के बाद ट्रंप की यह पहली चुनावी रैली थी. ट्रंप ने अपने भाषण में बिडेन की भी आलोचना की. अमेरिका में नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं. (इनपुट पीटीआई)

