
घरेलू उड़ान शुरू होने से पहले उद्धव ठाकरे ने की नागर विमानन मंत्री से बात
घरेलू उड़ान सेवा शुरू होने से पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी से इस मामले में बातचीत की. ठाकरे ने उनसे कहा कि फ्लाइट वापस शुरू करने की तैयारी करने के लिए और समय की जरूरत है. सोमवार अर्थात् कल से घरेलू हवाई सेवाओं का परिचालन फिर से शुरू करने की केंद्र सरकार की योजना है. इससे पहले महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु ने यात्री उड़ानें फिर से शुरू करने की केंद्र सरकार की योजना को लेकर चिंता जताई थी.
महाराष्ट्र सरकार ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार ने 19 मई के अपने लॉकडाउन संबंधी आदेश में संशोधन नहीं किया है. इस आदेश में सिर्फ विशेष उड़ानों की अनुमति दी गई है. यह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि महाराष्ट्र ज्यादा लोगों के राज्य में आने को लेकर उत्सुक नहीं है. महाराष्ट्र कोरोनावायरस से सर्वाधिक प्रभावित राज्य है.
महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने रविवार को अपने ट्वीट में कहा, “रेड जोन में हवाईअड्डे खोलने की सलाह अत्यंत नासमझी वाली है. केवल यात्रियों की थर्मल जांच करना और लार के नमूने नहीं लेना अपर्याप्त होगा. मौजूदा परिस्थितियों में ऑटो/कैब/बसें चलाना असंभव है. संक्रमित रोगी के आने से रेड जोन पर दबाव और बढ़ जाएगा.”
तमिलनाडु ने इसी तरह की चिंता जताते हुए नागर विमानन मंत्रालय से योजना को 31 मई तक टालने का आग्रह किया है. कोरोना संक्रमण के मामलों के लिहाज से तमिलनाडु दूसरा सबसे प्रभावित राज्य है.
वहीं, पश्चिम बंगाल सरकार ने साइक्लोन अम्फान (Amphan) से हुई तबाही का हवाला देते कि कोलकाता की उड़ानों पर कम से कम 30 मई तक रोक लगाने का आग्रह किया है. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह 30 मई तक उड़ानों को बागडोगरा हवाई अड्डों पर भेजने के लिए केंद्र को पत्र लिखेंगी.
Source link

