उज्जैन। आमतौर पर शाही सवारी और तेज रफ्तार के लिए पहचाने जाने वाले घोड़े की कीमत हमेशा ज्यादा मानी जाती है, लेकिन धर्मनगरी उज्जैन के पारंपरिक पशुधन मेले में इस बार नजारा बिल्कुल उल्टा देखने को मिला। नगर निगम द्वारा आयोजित इस अनूठे मेले में गधे ने बोली के सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए न केवल खच्चर, बल्कि घोड़े को भी पीछे छोड़ दिया। मेले में जहां एक घोड़ा 17 हजार रुपये में बिका, वहीं एक गधे के लिए खरीददार ने 26 हजार रुपये तक की मोटी रकम चुका दी। मेले के समापन अवसर पर पशुओं की खरीदी-बिक्री के ये अनोखे सौदे पूरे शहर में चर्चा का विषय बने रहे।मेले में प्रदेश भर से आए पशुपालकों और व्यापारियों के बीच दिनभर मोलभाव का दौर चलता रहा। लेकिन तीन बड़े सौदों ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। मेले की शुरुआत में पहला बड़ा सौदा शांति नगर निवासी गुड्डू काका ने किया। उन्होंने जानसापुरा निवासी गजानंद से 17 हजार रुपये में एक शानदार घोड़ा खरीदा। इसके बाद बारी आई बोझ ढोने में माहिर खच्चर की। भोपाल से विशेष रूप से मेले में पहुंचे व्यापारी नर्मदा ने श्याम गुर्जर से 25 हजार रुपये में खच्चर का सौदा तय किया। मेले का सबसे बड़ा और चौंकाने वाला सौदा राजू भाई ने किया। उन्होंने कन्हैया प्रजापति से पूरे 26 हजार रुपये में एक गधा खरीदा। कद-काठी और मजबूती के चलते इस गधे को मेले में सबसे ऊंचा भाव मिला, जिससे यह घोड़े और खच्चर से भी महंगा साबित हुआ।100 साल पुरानी परंपरा और व्यापारियों का उत्साहक्षिप्रा तट पर कार्तिक मेले के दौरान लगने वाला यह पशुधन मेला करीब एक सदी पुरानी परंपरा को जीवित रखे हुए है। मानसून के बाद ईंट भट्टे और निर्माण कार्यों के लिए पशुपालकों को मेहनती पशुओं की जरूरत होती है, जिसके चलते यहां दूर-दराज से व्यापारी पहुंचते हैं। मेले में पशुओं की उम्र उनके दांत देखकर और कीमत उनकी कद-काठी के हिसाब से तय की जाती है।नगर निगम ने दी प्रोत्साहन राशि, 500 पशु लाने वाले व्यापारी का विशेष सम्मानमेले का औपचारिक समापन महापौर मुकेश टटवाल और समिति संयोजक कैलाश प्रजापत की उपस्थिति में हुआ। परंपरागत पशु व्यापार को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम ने क्रेता और विक्रेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर पशु प्रतियोगिता’ के तहत घोड़े, खच्चर और गधों के प्रमुख खरीदारों व विक्रेताओं को 5100-5100 रुपये की प्रोत्साहन राशि के प्रतीकात्मक चेक भेंट किए गए। इसके अलावा, मेले की रौनक बढ़ाने और 500 से अधिक पशुओं के साथ शामिल होने वाले व्यापारी सुरेश कालू गुजराती का नगर निगम द्वारा विशेष सम्मान किया गया।