कटनी में उमंग सिंघार का भाजपा पर तीखा हमला, बोले- जनता अब जवाब मांगेगी

कटनी पहुंचे मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने ट्रेनों के रद्द होने और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। सिंघार ने सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए उसकी तुलना चीन की शासन व्यवस्था से की। उन्होंने कहा कि चीन ने तकनीक के क्षेत्र में तरक्की की, लेकिन भाजपा सरकार ने उससे क्या सीखा? सिंघार का आरोप है कि सरकार जनता की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि देश का युवा, किसान, दलित, आदिवासी और पिछड़ा वर्ग अब चुप नहीं बैठेगा। बेरोजगार रोजगार मांगेगा और आम नागरिक अपने अधिकारों व न्याय के लिए आवाज उठाएगा।

उमंग सिंघार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस पर निशाना साधते हुए अखंड भारत और देश को सोने की चिड़िया बनाने के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है, किसान और उद्योगपति भी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार इन मुद्दों से ध्यान हटाकर धर्म की राजनीति कर रही है। सिंघार ने दिल्ली में हो रहे प्रदर्शन को देश के लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की लड़ाई बताते हुए कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी इस आवाज को उठा रहे हैं।

सिंघार ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर ट्रेनों के रद्द होने को लेकर रेलवे बोर्ड पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे बोर्ड केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहा है और इसका खामियाजा आम यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। सिंघार ने कहा कि ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को परेशानी होगी, जिसका जवाब सरकार को देना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि जनता अब अपने सवालों के जवाब मांग रही है और सरकार को जवाबदेह होना होगा।

इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया पर मेडिकल उपकरणों की खरीदी में करीब 8 करोड़ रुपये के कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भी उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि रिपोर्ट मांगे जाने और आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की पूछताछ के बावजूद संबंधित अधिकारी पद पर कैसे बने हुए हैं। सिंघार ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे कई मंत्री और अधिकारी पदों पर बने हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से जुड़े जमीन के मामले को लेकर भी आरोप लगाए और सरकार की जवाबदेही पर सवाल खड़े किए।

बाइट – उमंग सिंघार, नेता प्रतिपक्ष, मध्यप्रदेश विधानसभा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here