कलेक्टर के निर्देशन में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, लवकुशनगर क्षेत्र से अवैध मदिरा जब्त

मध्यप्रदेश में अवैध मदिरा के संग्रहण और विक्रय के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत छतरपुर जिले में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। यह कार्रवाई कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में तथा जिला आबकारी अधिकारी अमृता जैन के नेतृत्व में की गई।

शनिवार को आबकारी विभाग की टीम को वृत्त लवकुशनगर अंतर्गत अवैध मदिरा के निर्माण एवं बिक्री की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर टीम ने सरवई एवं गौरिहार क्षेत्र में दबिश देकर कार्रवाई की।

इस दौरान मौके से 20 लीटर कच्ची हाथभट्टी मदिरा, लगभग 15 पाव देसी मसाला मदिरा तथा 4 पाव रॉयल स्टैग मदिरा जब्त की गई। साथ ही अवैध मदिरा निर्माण में उपयोग किए जा रहे करीब 100 किलोग्राम महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट किया गया।

आबकारी विभाग ने इस प्रकरण में रामशरण प्रजापति पिता रामाधीन प्रजापति (उम्र 50 वर्ष, निवासी रजौरा), दशरथ सिंह, बलबीर सिंह एवं चतुर सिंह के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।

जिला आबकारी अधिकारी अमृता जैन ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here