उत्तर प्रदेश के बाद अब मध्य प्रदेश ने भी राजस्थान के कोटा से अपने बच्चों को वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. लॉकडाउन की वजह से मध्य प्रदेश के करीब 2000 बच्चे कोटा में फंसे हैं. इन्हें लाने के लिए एमपी सरकार की ओर से 150 बसों का काफिला कोटा रवाना कर दिया गया है. कोटा जाने से पहले सभी बसें ग्वालियर पहुंचीं.
ग्वालियर पहुंचीं सभी बसों को पहले सैनिटाइज किया गया और फिर इन्हें मंगलवार सुबह कोटा के लिए रवाना कर दिया गया है. ग्वालियर के एसपी नवनीत भसीन ने कहा कि हर बस में पुलिस मौजूद रहेगा. बस के ड्राइवर और कंडक्टर को पीपीई किट्स दे दिए गए हैं. सभी 150 बसें मंगलवार शाम तक कोटा पहुंच जाएंगी.
मंगलवार शाम को ही बसों में मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों के बच्चों को बैठाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. इसके बाद बसें बुधवार सुबह अपने-अपने जिले के रवाना हो जाएंगे. बच्चों को मेडिकल टेस्ट उनके जिले में होगा. इसके लिए हर जिला प्रशासन को जरूरी मेडिकल उपकरण दिए जा चुके हैं. जिन बच्चों में लक्षण नहीं मिलेंगे, उन्हें होम क्वारनटीन किया जाएगा.