US President Trump says police generally should not use choke holds |Choke Holds पर बोले राष्ट्रपति ट्रंप, पुलिस को इसका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, लेकिन…

वाशिंगटन: अश्वेत जॉर्ज फ्लॉयड (George Floyd) की हत्या के बाद अमेरिका में पुलिस को लेकर असंतोष व्याप्त है. एक तरफ जहां पुलिस बल को भंग करने की मांग हो रही है, वहीं कुछ का कहना है कि पुलिसकर्मियों द्वारा चोक होल्ड (Choke Holds) के इस्तेमाल पर पाबंदी लगाई जानी चाहिए. चोक होल्ड एक तरह की तकनीक है जिसमें पुलिसकर्मी किसी व्यक्ति को काबू में करने के लिए उसे गर्दन से पकड़ते हैं. जॉर्ज फ्लॉयड की हत्या भी इसी के चलते हुई थी. अब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने इस पर अपनी राय व्यक्त की है. 

ट्रंप ने शुक्रवार को एक इंटरव्यू के दौरान कहा, ‘अच्छा होगा यदि पुलिस अधिकांश मामलों में चोक होल्ड के इस्तेमाल को बंद कर दे’. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि खतरे की स्थिति में पुलिस अधिकारी द्वारा चोक होल्ड के इस्तेमाल को समझा जाना चाहिए. राष्ट्रपति ने FOX News से बातचीत में कहा, ‘मुझे चोक होल्ड पसंद नहीं है, लेकिन जब आप अकेले हैं और किसी से लड़ रहे हैं, तो फिर इसके इस्तेमाल को समझा जाना चाहिए. हालांकि, व्यक्तिगत तौर पर मैं मानता हूं कि इसे समाप्त किया जाना चाहिए’.  

25 मई को अफ्रीकी-अमेरिकी जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद से पुलिस के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट रहा है. अमेरिका में बड़े पैमाने पर हिंसक प्रदर्शन भी हुए हैं. इसके मद्देनजर डेमोक्रेट्स द्वारा चोक होल्ड पर प्रतिबंध के संबंध में एक प्रस्ताव पेश किया है, जिसके समर्थन का कुछ रिपब्लिकन ने संकेत दिया है.  

FOX News के साथ इंटरव्यू में ट्रंप ने आगे कहा कि चोक होल्ड पर प्रतिबंध लगाने की अवधारणा सही लगती है, लेकिन हमें उस स्थिति को भी समझना होगा जिसमें इसका इस्तेमाल किया जाता है. यदि कोई पुलिस अधिकारी अपने बचाव के लिए किसी को चोक होल्ड करता है, तो फिर इस पर एकदम से सवाल नहीं उठाये जा सकते. जब उनसे पूछा गया कि क्या ऐसी कोई स्थिति थी जिसमें पुलिस अधिकारी खतरे में था, तो ट्रंप ने कहा, ‘ऐसा होता है और इसलिए आपको सावधान रहना होगा’.

अमेरिका के अटॉर्नी जनरल विलियम बर्र (William Barr) ने सोमवार को फॉक्स न्यूज को बताया था कि वह चोक होल्ड पर प्रतिबंध लगाने के पक्ष में थे, केवल उन मामलों को छोड़कर जहां पुलिस अधिकारी हिंसक भीड़ में घिर गए हों. वहीं, रिपब्लिकन अमेरिकी सीनेटर टिम स्कॉट (Tim Scott), जो पुलिस सुधार कानून का मसौदा तैयार कर रहे हैं, ने कहा कि वह और डेमोक्रेट्स इस पर सहमत हैं कि पुलिस को चोक होल्ड का इस्तेमाल बेहद कम करना चाहिए’.

 




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here