कनाडा के दिग्गज बल्लेबाज नवनीत धालीवाल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा अलविदा, टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद लिया संन्यास

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जहां 8 टीमों ने अगले राउंड में जगह बना ली है, वहीं 12 टीमों का सफर ग्रुप चरण में ही समाप्त हो गया। इन बाहर हुई टीमों में कनाडा भी शामिल रही। टीम के वर्ल्ड कप से बाहर होते ही कनाडा के पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज Navneet Dhaliwal ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी।

37 वर्षीय धालीवाल ने गुरुवार को चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले के बाद अपने करियर को विराम दिया। इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली हार के बाद कनाडा का टूर्नामेंट से बाहर होना तय हो गया था, जिसके बाद उन्होंने अपने संन्यास के फैसले की पुष्टि की। धालीवाल ने बताया कि उन्होंने यह निर्णय वर्ल्ड कप में आने से पहले ही ले लिया था और यह टूर्नामेंट उनके करियर का अंतिम अंतरराष्ट्रीय आयोजन होगा।

साल 2015 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले धालीवाल ने कनाडा की बल्लेबाजी को कई मौकों पर मजबूती दी। वह कनाडा के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में अपना करियर समाप्त कर रहे हैं। उन्होंने न सिर्फ बल्ले से अहम योगदान दिया, बल्कि नेतृत्व की जिम्मेदारी भी निभाई।

धालीवाल ने 29 टी20 अंतरराष्ट्रीय और 4 वनडे मुकाबलों में कनाडा टीम की कप्तानी की।अपने करियर के दौरान धालीवाल ने कनाडा क्रिकेट को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली और शांत नेतृत्व क्षमता ने युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरित किया। टी20 वर्ल्ड कप 2026 भले ही कनाडा के लिए यादगार नहीं रहा, लेकिन यह टूर्नामेंट नवनीत धालीवाल के शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर का भावनात्मक समापन बन गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here