Violence Is Disturbing, Must Be Unequivocally Condemned: Rahul Gandhi on Anti-CAA Protests – जाफराबाद में CAA को लेकर हुई हिंसा की राहुल गांधी ने की निंदा, दिल्ली के लोगों से की यह अपील…

दिल्ली के जाफराबाद में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के बीच रविवार को जो हंगामा शुरू हुआ वो आज भी जारी रहा. नागरिकता कानून के विरोधियों और समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हुई और एक दूसरे पर जमकर पत्थर फेंके गए. जाफ़राबाद और मौजपुर के बीच आगजनी की भी ख़बर है. भजनपुरा के पास चांदबाग में रतनलाल नाम के पुलिसकर्मी की मौत हो गई है. रतनलाल गोकुलपुरी के एसीपी के रीडर थे. आज की हिंसा में शाहदरा के डीसीपी अमित शर्मा भी घायल हुए हैं. नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में 10 जगहों पर पुलिस ने धारा 144 लगाई है. जाफराबाद और आसपास के कई मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं. पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने हिंसा की निंदा की. इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को उपराज्यपाल अनिल बैजल और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के विरोध और समर्थन के दौरान उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कुछ हिस्सों में हिंसा के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बहाल करने का अनुरोध किया.

 


राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘दिल्ली में आज की हिंसा परेशान करने वाली है और इसकी निंदा की जानी चाहिए. शांतिपूर्ण विरोध स्वस्थ लोकतंत्र का प्रतीक है, लेकिन हिंसा को कभी भी उचित नहीं ठहराया जा सकता. मैं दिल्ली के नागरिकों से अनुरोध करता हूं कि वे उकसावे में नहीं आएं और संयम, करुणा और समझ दिखाएं.’

 


वहीं, जाफराबाद हिंसा को लेकर गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी का भी बयान आया है. गृह राज्यमंत्री ने कहा कि यह भारत की छवि को खराब करने की कोशिश है. सरकार इससे सख्ती से निपटेगी. 

 

पिंक लाइन मेट्रो पर पांच स्टेशन बंद

नागरकिता कानून के विरोधियों और समर्थकों के बीच हुई हिंसक झड़प के मद्देनजर पिंक लाइन मेट्रो पर पांच स्टेशन बंद कर दिये गए हैं. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने ट्वीट किया, ‘जाफराबाद, मौजपुर-बाबरपुर, गोकलपुरी, जौहरी एंक्लेव और शिव विहार मेट्रो स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिये गए हैं. ट्रेनें वेलकम मेट्रो स्टेशन तक ही जाएंगी.’ 

 

केजरीवाल ने अमित शाह से की अपील

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को उपराज्यपाल अनिल बैजल और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के विरोध और समर्थन के दौरान उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कुछ हिस्सों में हिंसा के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बहाल करने का अनुरोध किया है. उन्होंने ट्वीट किया, ‘दिल्ली के कुछ हिस्सों में शांति-व्यवस्था में गड़बड़ी की बहुत परेशान करने वाली खबरें आ रही हैं. मैं माननीय उपराज्यपाल और केंद्रीय गृह मंत्री से शांति और सौहार्द सुनिश्चित करते हुए कानून-व्यवस्था बहाल किए जाने का अनुरोध करता हूं. किसी को भी माहौल खराब करने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए.’ दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने उत्तरपूर्वी दिल्ली में झड़पों के दौरान हिंसा के मद्देनजर सोमवार को पुलिस आयुक्त को कानून-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया.

 

कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश

बैजल ने ट्वीट किया, ‘दिल्ली पुलिस और दिल्ली पुलिस आयुक्त को उत्तर पूर्वी दिल्ली में कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं. हालात पर करीबी नजर रखी जा रही है. मैं हर किसी से शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए संयम बरतने का अनुरोध करता हूं.’ दिल्ली के मंत्री और बाबरपुर से विधायक गोपाल राय ने भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. राय ने ट्वीट किया, ‘मैं हाथ जोड़कर बाबरपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों से शांति कायम रखने की अपील करता हूं.  कुछ लोग जानबूझकर माहौल को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. मैंने दिल्ली के उपराज्यपाल से बात की है और उन्होंने मुझे आश्वासन दिया है कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए और पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे.’

VIDEO: हिंसा में दिल्ली पुलिस के हेड कॉन्सटेबल की मौत




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here